छावनी बनी दिल्ली! CJP प्रोटेस्ट के बीच 25 हजार जवान तैनात, 45 मेट्रो बंद.. सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: CJP Protest Delhi: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. CJP ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज यानी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. इसी को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस के मुताबिक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजधानी में करीब 25 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है.

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में कई मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद रखने, कुछ इलाकों में मोबाइल इंटरनेट रोकने और रेलवे सेवाओं पर असर पड़ने की भी जानकारी सामने आई है. ऐसे में आज दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है.

नई दिल्ली रेंज की संयुक्त पुलिस आयुक्त नूपुर प्रसाद के मुताबिक, CJP की ओर से प्रदर्शन की अनुमति के लिए 7 अक्टूबर को आवेदन दिया गया था. पुलिस का कहना है कि, नियमों के तहत इस तरह के आवेदन कम से कम 10 दिन पहले देने होते हैं. इसके अलावा, जुलाई में हुए पिछले प्रदर्शन के दौरान सीजेपी ने कानूनी निर्देशों और अपने दिए आश्वासनों का पालन नहीं किया था. पुलिस ने इन्हीं वजहों के साथ कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया.

पुलिस के अनुसार, नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 भी लागू है. इसके तहत सार्वजनिक शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए कुछ पाबंदियां लगाई गई हैं. पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने, तोड़फोड़ करने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.

प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर के चार किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रखने की जानकारी दी गई है. यह पाबंदी दिल्ली के बाकी इलाकों पर लागू नहीं होगी. सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटा गया है. हर जोन की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे. इसके अलावा, दिल्ली में कई जगह मॉक ड्रिल की गई है और जरूरत पड़ने पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 120 से ज्यादा कंपनियों को तैनात किया जा सकता है.

#देखें | दिल्ली: जंतर-मंतर पर आज होने वाले प्रदर्शन से पहले फिरोज शाह रोड, मंडी हाउस पर RAF तैनात कर दी गई है.

सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के प्रवेश और निकास गेट 9 अक्टूबर रात 9 बजे से 10 अक्टूबर शाम 6 बजे तक बंद रखने का फैसला किया गया है. पहले 57 स्टेशनों पर पाबंदी की बात कही गई थी, लेकिन बाद में सूची में बदलाव किया गया. प्रभावित स्टेशनों में राजीव चौक, नई दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय, जनपथ, मंडी हाउस, आईटीओ, कश्मीरी गेट, हौज खास और लाजपत नगर जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं. ज्यादातर प्रभावित स्टेशनों पर दूसरी मेट्रो लाइन में जाने की सुविधा रहेगी, लेकिन नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज नहीं मिलेगा.

रेलवे सेवाओं पर भी असर पड़ा है. नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आने-जाने वाली कई ट्रेनें रद्द की गई हैं. ऐसे में यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए. रेलवे ने 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है

दिल्ली और नोएडा की सीमा पर पुलिस के साथ सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान भी तैनात किए गए हैं. बॉर्डर पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है. इसके चलते कुछ जगहों पर जाम लगने की आशंका है. पुलिस होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और बस टर्मिनलों पर भी निगरानी बढ़ा रही है. एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है.

दिल्ली यातायात पुलिस ने 30 सड़कों और फ्लाईओवर पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है. पुलिस ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने और रास्तों की ताजा जानकारी लेकर निकलने को कहा है. इसके अलावा, 9 और 10 अक्टूबर को खुदरा शराब की दुकानें बंद रखने का आदेश भी दिया गया है.

#देखें | दिल्ली: आज विरोध प्रदर्शन से पहले जंतर-मंतर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई और बैरिकेड्स लगाए गए।

Share This Article