एग्रीवेट: Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. कहीं तेज हवाएं चलने के साथ बारिश हो सकती है, तो कहीं गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 10 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. वहीं, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. ऐसे में लोगों को मौसम का हाल देखकर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड लोगों को राहत दे रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, 10 अक्टूबर को दिल्ली और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने का अनुमान है. इसी के साथ साथ कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी संभावना है.
उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदलने के आसार हैं. पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है. हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में भी तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है.
राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में IMD ने मौसम बदलने का अनुमान जताया है. 10 और 11 अक्टूबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनूं समेत आसपास के जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. वहीं, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग के ज्यादातर इलाकों में मौसम सूखा रहने का अनुमान है. हालांकि, स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव हो सकता है.
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज कुछ बदला नजर आ रहा है. उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में खराब मौसम के कारण लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. हिमाचल प्रदेश में भी आने वाले दिनों में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी बारिश का अनुमान है. पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को स्थानीय मौसम की जानकारी लेकर ही निकलना चाहिए. तेज बारिश के दौरान पहाड़ी सड़कों पर फिसलन और लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ सकता है.
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना है. बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई इलाकों में बारिश के आसार हैं. वहीं, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए.
दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. कर्नाटक के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है.