कहीं मूसलाधार बारिश तो कहीं घना कोहरा, 8 राज्यों में अलर्ट जारी.. सुबह सफर करने वाले रहें सावधान – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: देशभर में शुक्रवार को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल सकते हैं. दक्षिण भारत के कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, उत्तर भारत के कुछ राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और आसपास के इलाकों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. दूसरी ओर, दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में सुबह के समय कम दृश्यता की स्थिति बन सकती है. घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन चलाने में परेशानी हो सकती है. ऐसे में सुबह जल्दी यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग ने देश के 8 राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है. दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है. वहीं, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और असम में सुबह के समय कोहरा छा सकता है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. केरल और माहे में भी भारी बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.

आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. लक्षद्वीप में भी कुछ जगहों पर बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. वहीं, दिल्ली में 27 नवंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन सुबह के समय कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है. इससे सड़कों पर विजिबिलिटी कम हो सकती है और दफ्तर या स्कूल जाने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है.

इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी सुबह घना कोहरा  छाने का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भी ऐसी ही स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी से वाहन चलाने और दूसरी गाड़ियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में भी सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है. असम, मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में कम दृश्यता के कारण लोगों को परेशानी हो सकती है. ऐसे में सुबह जल्दी सफर करने वाले लोगों को यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई है.

दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश के अलर्ट के बीच उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. राज्य में भारी बारिश या घने कोहरे को लेकर कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है. हालांकि, सुबह और रात के समय ठंड बनी रह सकती है. बिहार में भी मौसम ज्यादातर शुष्क रहने की संभावना है. यहां बारिश को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है. वहीं, राजस्थान में भी मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. हालांकि, रात और सुबह के समय तापमान में गिरावट  आ सकती है. वहीं, उत्तराखंड में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. राज्य में बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है. हालांकि, पहाड़ी इलाकों में सुबह और शाम के समय ठंड बनी रह सकती है.

27 नवंबर के मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मुंबई में मौसम दिल्ली के मुकाबले गर्म रह सकता है. वहीं, चेन्नई में तापमान 25 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

Share This Article