एग्रीवेट: Kharif Crop Production: देश में इस बार खरीफ फसलों की पैदावार को लेकर चिंता बढ़ गई है. कमजोर मॉनसून, कम बारिश और बाढ़-चक्रवात जैसी मौसमी मार के चलते धान, मक्का, दालों और तिलहन समेत कई फसलों का उत्पादन घटने का अनुमान है. कृषि मंत्रालय के पहले अग्रिम अनुमान के मुताबिक, खरीफ सीजन 2026-27 में कुल खाद्यान्न उत्पादन 167.14 मिलियन टन रहने की उम्मीद है. पिछले साल यह 176.04 मिलियन टन था. यानी इस बार करीब 5.1 फीसदी कम अनाज पैदा हो सकता है.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 26 नवंबर को फसलों के पहले अग्रिम अनुमान जारी किए. उन्होंने कहा कि उत्पादन पिछले पांच साल के औसत से अभी भी ज्यादा रहने का अनुमान है. हालांकि, कम रकबे और बारिश की कमी ने कई फसलों की पैदावार पर असर डाला है.
महाराष्ट्र में सूखे ने बिगाड़ा खरीफ का गणित, दलहन उत्पादन में 58 फीसदी गिरावट का अनुमान – एग्रीवेट
इस बार धान का उत्पादन 2.3 फीसदी घटकर 121.91 मिलियन टन रहने का अनुमान है. पिछले साल यह 124.76 मिलियन टन था. वहीं, मक्का की पैदावार में करीब 14.6 फीसदी की गिरावट का अनुमान है. इसका उत्पादन 30.51 मिलियन टन से घटकर 26.06 मिलियन टन रह सकता है.
बाजरा का उत्पादन भी 5.7 फीसदी घटकर 8.94 मिलियन टन रहने का अनुमान है. वहीं, रागी की पैदावार में 37.5 फीसदी की बड़ी गिरावट आ सकती है. हालांकि, ज्वार का उत्पादन 13 फीसदी बढ़कर 1.48 मिलियन टन रहने की उम्मीद है.
दालों की खेती करने वाले किसानों के लिए भी अनुमान अच्छे नहीं हैं. खरीफ सीजन में कुल दाल उत्पादन 6.2 फीसदी घटकर 7.13 मिलियन टन रह सकता है. अरहर का उत्पादन 13.1 फीसदी घटकर 3.12 मिलियन टन और मूंग का उत्पादन 14 फीसदी घटकर 1.66 मिलियन टन रहने का अनुमान है. हालांकि, उड़द की पैदावार में 28.3 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है. इसका उत्पादन 1.45 मिलियन टन रहने का अनुमान है.
तिलहन फसलों का उत्पादन भी इस बार 10.2 फीसदी घटकर 23.95 मिलियन टन रहने का अनुमान है. सोयाबीन की पैदावार में करीब 18.7 फीसदी की गिरावट आ सकती है. इसका उत्पादन 12.60 मिलियन टन से घटकर 10.24 मिलियन टन रह सकता है. इसके अलावा गन्ने का उत्पादन 9.1 फीसदी घटकर 454.34 मिलियन टन और कपास का उत्पादन 14.3 फीसदी घटकर 24.87 मिलियन गांठ रहने का अनुमान है. दूसरी तरफ सूरजमुखी और जूट के उत्पादन में बढ़ोतरी की उम्मीद है.
फसलों का उत्पादन घटने से किसानों की कमाई और बाजार में अनाज की उपलब्धता पर असर पड़ सकता है. खासकर सोयाबीन, अरहर और मूंग की पैदावार कम रहने से आने वाले समय में इनकी कीमतों पर दबाव बन सकता है. इसका असर खाने के तेल और दालों की कीमतों पर भी पड़ सकता है.
हालांकि, कृषि मंत्री का कहना है कि देश में चावल और गेहूं का पर्याप्त भंडार मौजूद है. इसलिए खाद्यान्न की कमी या कीमतों में अचानक बढ़ोतरी की आशंका नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि ज्यादातर फसलों के भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के बराबर या उससे ऊपर चल रहे हैं, जिससे किसानों को बेहतर दाम मिल रहे हैं.