एग्रीवेट: Gujarat News: गुजरात सरकार ने किसानों को राहत देते हुए खरीफ की चार फसलों की MSP पर बिक्री के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की समयसीमा 15 दिन बढ़ा दी है. अब किसान 24 अक्टूबर 2026 तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे. पहले इसकी आखिरी तारीख 9 अक्टूबर तय की गई थी. कृषि मंत्री जीतूभाई वाघाणी ने कहा है कि सांसदों, विधायकों और किसान प्रतिनिधियों की ओर से समयसीमा बढ़ाने की मांग की गई थी. इसके बाद सरकार ने रजिस्ट्रेशन की तारीख बढ़ाने का फैसला लिया. अब गुजरात के किसान मूंगफली, मूंग, सोयाबीन और उड़द को MSP पर बेचने के लिए 24 अक्टूबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.
गुजरात में इस खरीफ सीजन मूंगफली, सोयाबीन और उड़द की बुवाई पिछले तीन साल के औसत रकबे से ज्यादा हुई है. मूंगफली की बुवाई 20.7 लाख हेक्टेयर में हुई, जो तीन साल के औसत 19.15 लाख हेक्टेयर से करीब 8 फीसदी अधिक है. सोयाबीन का रकबा 3.04 लाख हेक्टेयर रहा, जो औसत 2.81 लाख हेक्टेयर से करीब 8 फीसदी ज्यादा है. वहीं, उड़द की बुवाई 93 हजार हेक्टेयर में हुई, जो तीन साल के औसत 82 हजार हेक्टेयर से करीब 13 फीसदी अधिक है. हालांकि, मूंग की बुवाई में बड़ी गिरावट आई है. किसानों ने इस बार 32,800 हेक्टेयर में मूंग बोई, जो तीन साल के औसत 55,700 हेक्टेयर से करीब 41 फीसदी कम है. इसी तरह अरहर यानी तुवर का क्षेत्रफल 3.06 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 3.35 लाख हेक्टेयर हो गया है.
गुजरात में मूंगफली, सोयाबीन और उड़द का रकबा बढ़ने से इस बार इन फसलों की ज्यादा मात्रा मंडियों में आने की उम्मीद है. ऐसे में सरकार की ओर से MSP पर खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन की बढ़ाई गई समयसीमा किसानों के लिए अहम है. कृषि मंत्री जीतूभाई वाघाणी ने राज्य के किसानों से अपील की है कि वे इस मौके का फायदा उठाएं और 24 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें. इससे किसान अपनी उपज को सरकारी खरीद योजना के तहत MSP पर बेच सकेंगे.
गुजरात कृषि विभाग ने रबी सीजन के लिए किसानों को मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके लिए i-Khedut पोर्टल खोला गया है. किसान पोर्टल के जरिए प्रमाणित बीज, बीज मिनी किट और प्रदर्शन से जुड़ी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की प्रक्रिया 4 अक्टूबर से शुरू होकर 15 अक्टूबर 2026 तक चलेगी. किसानों को इस 12 दिन की अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना होगा.