एग्रीवेट: Bihar Land Scheme: बिहार में ऐसे परिवारों के लिए राहत की खबर है, जिनके पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं है. राज्य सरकार ने भूमिहीन परिवारों को आवासीय जमीन का अधिकार दिलाने के लिए ‘अभियान बसेरा’ के तहत विशेष अभियान शुरू करने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मुताबिक, आज यानी 22 सितंबर 2026 से राज्य की सभी पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों में पात्र भूमिहीन परिवार वासभूमि यानी घर बनाने के लिए जमीन से जुड़े आवेदन कर सकेंगे. सरकार का कहना है कि, इस अभियान का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भूमिहीन परिवार आवासीय जमीन के अधिकार से वंचित न रहे.
सरकार ने भूमिहीन परिवारों के लिए आवेदन की प्रक्रिया को आसान बनाने की कोशिश की है. अब लोगों को वासभूमि के पर्चे के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. पात्र परिवार अपने नजदीकी ग्राम पंचायत या अंचल कार्यालय में जाकर आवेदन जमा कर सकते हैं. खास बात यह है कि आवेदन जमा करने के बाद संबंधित व्यक्ति को उसकी रसीद भी दी जाएगी. इससे लोगों के पास आवेदन जमा करने का प्रमाण रहेगा और प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी. 22 सितंबर से लगने वाले विशेष शिविरों में पंचायत स्तर पर ही लोगों को आवेदन से जुड़ी जानकारी और मदद उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा.
अगर कोई व्यक्ति कार्यालय या पंचायत में जाकर आवेदन नहीं करना चाहता, तो उसके लिए ऑनलाइन सुविधा भी दी गई है. भूमिहीन परिवार बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के बिहार भूमि पोर्टल के जरिए घर बैठे वासभूमि के लिए आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन के लिए आवेदक को बिहार भूमि पोर्टल पर जाकर वासभूमि से जुड़ी सुविधा का चयन करना होगा और मांगी गई जानकारी भरकर आवेदन जमा करना होगा.
इस तरह सरकार ने आवेदन के लिए दो रास्ते रखे हैं. जिन लोगों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना आसान है, वे घर बैठे आवेदन कर सकते हैं. वहीं, जिन लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी होती है, वे ग्राम पंचायत या अंचल कार्यालय में जाकर आवेदन जमा कर सकते हैं.
बिहार के प्रत्येक भूमिहीन परिवार को अपना आशियाना मिले, इसी संकल्प के साथ हमने “अभियान बसेरा” के तहत 22/09/2026 से सभी पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित करने का बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है।
अब गृहस्थल (वासभूमि) के पर्चे के लिए आपको किसी प्रकार की परेशानी उठाने की आवश्यकता नहीं है। अपने नजदीकी…
इस अभियान का लाभ पात्र भूमिहीन परिवारों को मिलेगा. यानी ऐसे परिवार जिनके पास अपना घर बनाने के लिए जमीन नहीं है, वे वासभूमि के लिए आवेदन कर सकते हैं. सरकार का लक्ष्य पात्र परिवारों को आवासीय जमीन का अधिकार उपलब्ध कराना है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस अभियान की जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बिहार के हर पात्र भूमिहीन परिवार को अपना आशियाना मिल सके.
‘अभियान बसेरा’ के तहत 22 सितंबर से सभी पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों के जरिए बिहार सरकार गांव के स्तर पर ही भूमिहीन परिवारों तक पहुंचना चाहती है, ताकि लोगों को आवेदन के लिए ज्यादा परेशानी न हो. इन शिविरों में वासभूमि से जुड़े आवेदन लिए जाएंगे और लोगों की समस्याओं को भी सुना जाएगा. सरकार ने अधिकारियों को आवेदन स्वीकार करने और उसकी रसीद देने के निर्देश दिए हैं. ऐसे में जिन पात्र परिवारों के पास घर बनाने के लिए अपनी जमीन नहीं है, वे 22 सितंबर से शुरू होने वाले पंचायत स्तर के शिविरों में जानकारी लेकर आवेदन कर सकते हैं. साथ ही, बिहार भूमि पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन का विकल्प भी उनके पास रहेगा.