महंगाई पर लगाम लगाने की तैयारी, 500 केंद्रों पर मिलेगा सस्ता चावल.. 18 महीने तक होगी निगरानी – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतों का बोझ आम लोगों पर नहीं पड़ने देने का निर्देश दिया है. उन्होंने राज्य में सस्ते चावल की बिक्री के केंद्रों की संख्या 286 से बढ़ाकर 500 करने को कहा है. साथ ही नायडू ने अधिकारियों से अगले 18 महीनों तक बाजार में जरूरी चीजों की कीमतों और महंगाई पर लगातार नजर रखने को कहा. उन्होंने कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी के किसी भी संकेत पर तुरंत सतर्क होना चाहिए. आम लोगों को महंगाई से बचाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है.

द हिन्दू की रिपोर्ट के मुताबिक,  सचिवालय में जरूरी वस्तुओं की कीमतों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राशन की दुकानों के जरिए अरहर दाल और पाम ऑयल बेचने का निर्देश दिया. दिसंबर के पहले सप्ताह से इनकी बिक्री शुरू होगी. अरहर दाल 100 रुपये प्रति किलो और फोर्टिफाइड पाम ऑयल 125 रुपये प्रति लीटर की दर से बेचा जाएगा. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि सरकार के कदमों के बाद पिछले महीने के मुकाबले चावल की चार किस्मों की कीमतों में 8 से 18 फीसदी तक गिरावट आई है. जय श्रीराम चावल 79 से 82 रुपये प्रति किलो, एचएमटी/आरएनआर 72 से 76 रुपये, बीपीटी 64 से 66 रुपये और सामान्य चावल 46 से 48 रुपये प्रति किलो मिल रहा है.

इसके अलावा, प्याज की कीमतों में 28 फीसदी और पाम ऑयल की कीमतों में 5 फीसदी की कमी आई है. अब पाम ऑयल 145 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है. हालांकि, अरहर दाल की कीमतें अब भी ऊंची बनी हुई हैं. मुख्यमंत्री ने अरहर दाल का घरेलू उत्पादन बढ़ाने और इसकी मांग व उत्पादन के बीच अंतर कम करने के लिए कदम उठाने को कहा. उन्होंने केंद्र से आवंटित 40,300 मीट्रिक टन अरहर दाल की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का लाभ देकर अरहर की खेती के लिए प्रोत्साहित करने को कहा.

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि 26 किलो के बैग में बेचे जा रहे धरनी ब्रांड के अच्छी गुणवत्ता वाले चावल को लोगों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है. बाजार में 76 रुपये प्रति किलो मिलने वाला केएनएम/आरएनआर चावल योजना के तहत 50 रुपये प्रति किलो बेचा जा रहा है. वहीं, बाजार में 66 रुपये प्रति किलो बिकने वाला बीपीटी कच्चा चावल 49 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने जरूरी वस्तुओं को कालाबाजारी में भेजने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने बताया कि सतर्कता और विधिक माप विज्ञान विभाग की टीमों ने अब तक 1,558 जगहों पर जांच की है. इस दौरान 1,005 मामले दर्ज किए गए और ज्यादा कीमत वसूलने पर 84.59 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. नायडू ने अधिकारियों को टोल गेट और राज्य की सीमा पर बने जांच केंद्रों पर निगरानी बढ़ाने को कहा.

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को अल नीनो के संभावित असर का पहले से आकलन करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि फसलों की पैदावार पर इसके प्रभाव को समझने के लिए एग्रीवॉच के आंकड़ों और बारिश के पैटर्न का अध्ययन किया जाए. इसके आधार पर फसल की योजना तैयार की जाए. नायडू ने कहा कि रिपोर्ट के मुताबिक, प्याज और टमाटर की कीमतों में आगे और गिरावट आ सकती है. उन्होंने सब्जियों के दाम बढ़ने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को भी कहा.

मुख्यमंत्री ने कम समय में तैयार होने वाली और कम पानी की जरूरत वाली धान की किस्मों को बढ़ावा देने पर जोर दिया. इसमें कृष्णा डेल्टा जैसे इलाके भी शामिल हैं. बैठक में अच्छी गुणवत्ता वाले धान की किस्मों के लिए अतिरिक्त समर्थन मूल्य देने की संभावना पर भी चर्चा हुई.

Share This Article