जिस पराली पर लगता था जुर्माना, अब उसी से किसान कमा रहे पैसा! गुजरात-राजस्थान तक बढ़ी मांग – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: Stubble Management: हर साल सर्दियों की शुरुआत के साथ पराली जलाने को लेकर किसानों पर सवाल उठने लगते हैं, लेकिन इस बार धान की पराली की एक नई तस्वीर सामने आई है. पंजाब के खेतों से निकलने वाली पराली अब गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र की गौशालाओं और डेयरियों तक पहुंच रही है. सूखे और हरे चारे की कमी के बीच धान की पराली पशुओं के लिए वैकल्पिक चारे के रूप में इस्तेमाल हो रही है. पराली की गांठें बनाकर दूसरे राज्यों में भेजने का कारोबार बढ़ रहा है. इससे किसानों और बेलर संचालकों को कमाई का नया बाजार मिल रहा है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में इस सीजन खेतों से बाहर निकाली गई पराली  की मात्रा 78 लाख टन के लक्ष्य को पार कर गई है. हालांकि, ज्यादातर पराली को सुपर सीडर जैसी मशीनों की मदद से खेतों में ही मिला दिया जाता है. पहले खेतों से बाहर निकलने वाली पराली का इस्तेमाल मुख्य रूप से बायोमास बिजलीघरों और औद्योगिक बॉयलरों में होता था, लेकिन अब पशुपालक भी इसके खरीदार बन रहे हैं. पंजाब में बेलर मशीनों की मदद से धान की पराली की गांठें बनाई जा रही हैं. इन्हें ट्रकों के जरिए गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र भेजा जा रहा है. खास बात यह है कि जल्दी पकने वाली PR-126 जैसी धान की किस्मों की पराली के भी खरीदार मिल रहे हैं.

धान की पराली की मांग बढ़ने की सबसे बड़ी वजह कई राज्यों में चारे की कमी है. इस साल कमजोर मानसून और कम बारिश के कारण  राजस्थान और गुजरात के कई इलाकों में पशुओं के लिए हरे चारे की उपलब्धता प्रभावित हुई है. राजस्थान में सामान्य से करीब 17 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई. इसके बाद राज्य सरकार ने कई जिलों को चारे की कमी की गंभीर और अर्ध-गंभीर श्रेणी में रखा. वहीं, गुजरात में भी अगस्त से रियायती दरों पर पशु चारा बांटा जा रहा है. ऐसे में धान की पराली पशुपालकों के लिए सस्ता विकल्प बनकर सामने आई है. जब हरा चारा कम होता है और गेहूं का भूसा महंगा मिलता है, तब पराली की मांग बढ़ जाती है.

हालांकि, धान की पराली  को गेहूं के भूसे जितना पौष्टिक चारा नहीं माना जाता. CEEW के अध्ययन के मुताबिक, धान की पराली में सिलिका की मात्रा 6 से 16 प्रतिशत तक हो सकती है, जबकि गेहूं के भूसे में यह करीब 4.5 से 5.5 प्रतिशत होती है. इसलिए पशुओं को इसे सीमित मात्रा में हरे चारे और जरूरी खनिज तत्वों के साथ देने की सलाह दी जाती है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरु अंगद देव पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के अनुसार, पराली को बेहतर बनाने के लिए यूरिया, शीरा और पानी मिलाकर साइलेज तैयार किया जा सकता है. इससे पशुओं के लिए इसके इस्तेमाल की संभावना बढ़ती है.

पराली के इस नए बाजार के सामने कुछ चुनौतियां भी हैं. सबसे बड़ी समस्या बेलर मशीनों  की उपलब्धता और लागत है. इन मशीनों से पराली की गांठें बनाई जाती हैं, लेकिन किसानों को इन्हें खरीदने के लिए सरकारी सब्सिडी का लाभ नहीं मिल पाता. इसके अलावा पराली को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए भंडारण केंद्रों की जरूरत है. पंजाब से गुजरात और राजस्थान तक गांठें पहुंचाने में परिवहन का खर्च भी अधिक आता है. ऐसे में यह कारोबार तभी टिकाऊ बन सकता है, जब किसानों को मशीनों पर सहायता, भंडारण की सुविधा और परिवहन के लिए बेहतर व्यवस्था मिले. इस तरह पराली को जलाने के बजाय चारे और अन्य उपयोगों में लाने से किसानों के लिए कमाई का नया रास्ता खुल सकता है.

Share This Article