एग्रीवेट: Raw Sugar Import: चीनी की कीमतों और घरेलू सप्लाई को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. केंद्र सरकार ने बिना आयात शुल्क के कच्ची चीनी मंगाने की समयसीमा तीन महीने बढ़ा दी है. अब चीनी मिलों और रिफाइनरी कंपनियों को 10 लाख टन कच्ची चीनी का आयात करने के लिए 31 मार्च 2027 तक का समय मिलेगा. पहले यह समयसीमा 31 दिसंबर 2026 तक थी. सरकार के इस फैसले से उन कंपनियों को राहत मिलेगी, जो तय कोटे के तहत विदेश से कच्ची चीनी मंगाकर उसे देश में बेचने लायक सफेद चीनी में बदलना चाहती हैं.
विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने 25 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के जरिए आयात की समयसीमा बढ़ाई है. हालांकि, सरकार ने आयात की कुल मात्रा में कोई बदलाव नहीं किया है. पहले की तरह 10 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी ही बिना आयात शुल्क के मंगाई जा सकेगी. बस इसे मंगाने के लिए कंपनियों को तीन महीने का अतिरिक्त समय मिल गया है. इस छूट को टैरिफ रेट कोटा (TRQ) के तहत दिया गया है. यानी की सरकार ने चीनी आयात करने की एक तय सीमा रखी है. इस सीमा के अंदर तय शर्तें पूरी करने वाली कंपनियां बिना आयात शुल्क दिए कच्ची चीनी विदेश से ला सकती हैं.
Gold Rate: लगातार तीसरे दिन महंगा हुआ सोना, चांदी फिर फिसली.. जानें दिल्ली से लखनऊ तक के भाव – एग्रीवेट
सरकार ने अगस्त 2026 में पहली बार करीब 10 साल बाद इस तरह की छूट दी थी. उस समय कच्ची चीनी के आयात की आखिरी तारीख 31 अक्टूबर 2026 रखी गई थी. बाद में 19 अक्टूबर को DGFT ने इसे बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 कर दिया था. अब एक बार फिर तीन महीने की मोहलत दी गई है. यानी यह दूसरी बार समयसीमा बढ़ाने का फैसला है.
सरकार ने यह फैसला घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने और कीमतों पर दबाव कम करने के मकसद से लिया है. अगस्त में सरकार ने चीनी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए 10 लाख टन कच्ची चीनी के आयात की अनुमति दी थी. इसके तहत चीनी मिलों और रिफाइनरी कंपनियों को ही आयात की छूट दी गई है, जिनके पास कच्ची चीनी को सफेद चीनी में बदलने की अपनी व्यवस्था है.
इस फैसले से चीनी मिलों को विदेश से कच्ची चीनी मंगाने और उसकी प्रोसेसिंग करने के लिए ज्यादा समय मिलेगा. घरेलू बाजार में चीनी की सप्लाई बढ़ने से कीमतों को काबू में रखने में भी मदद मिल सकती है. हालांकि, इसका किसानों को सीधे तौर पर कितना फायदा या नुकसान होगा, यह आने वाले समय में चीनी की कीमतों और मिलों की खरीद पर निर्भर करेगा.