एग्रीवेट: उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड का असर बढ़ने लगा है. यहां कई जगहों पर तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, गुरुवार यानी 26 नवंबर को भी कई राज्यों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में घने कोहरे का पूर्वानुमान जारी किया है. इसके अलावा, पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों और ओडिशा में भी घना कोहरा छा सकता है.
दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान आने की संभावना है. मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 24 नवंबर को उत्तर और मध्य भारत के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया. इनमें पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्से शामिल हैं.
Gold Rate: लगातार तीसरे दिन महंगा हुआ सोना, चांदी फिर फिसली.. जानें दिल्ली से लखनऊ तक के भाव – एग्रीवेट
वहीं, 25 नवंबर को मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान राजस्थान के सीकर में दर्ज किया गया. यहां पारा 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इससे उत्तर भारत में ठंड बढ़ने का संकेत मिल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, 26 नवंबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इन राज्यों में बारिश के आसार नहीं हैं. हालांकि, सुबह के समय खासकर उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छा सकता है. मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक कोहरे का असर बना रह सकता है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 28 या 29 नवंबर तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है.
दक्षिण भारत के कई राज्यों में गुरुवार को मौसम खराब रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है. मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु और आसपास के इलाकों में बिजली चमकने के साथ आंधी चल सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. केरल में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
इसके अलावा, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रह सकता है. वहीं, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में कुछ जगहों पर बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है. वहीं, पश्चिम और मध्य भारत में मौसम ज्यादातर शुष्क रहने की संभावना है. इन क्षेत्रों में फिलहाल किसी बड़ी मौसमी गतिविधि का अनुमान नहीं है.