Baini Bhuli Yojana: ग्रामीण महिलाओं को सरकार का बड़ा तोहफा, दो किस्तों में खाते में आएंगे 20 हजार – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: Uttarakhand Women Scheme: उत्तराखंड की ग्रामीण महिलाओं के लिए अच्छी खबर है. राज्य सरकार दिसंबर से बैणी-भुली योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में पैसे भेजने की तैयारी कर रही है. इस योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी करीब 5.23 लाख महिलाओं को कुल 20 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. यह रकम दो किस्तों में मिलेगी. पहली किस्त के रूप में दिसंबर में 10 हजार रुपये सीधे बैंक खाते में भेजे जाएंगे.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार, योजना का मकसद ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद देना है. पहली किस्त के लिए सरकार करीब 523 करोड़ रुपये खर्च करेगी. यह पैसा सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजा जाएगा, ताकि उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें. योजना के तहत हर पात्र महिला को कुल 20 हजार रुपये देने की बात कही गई है. इसमें पहली किस्त 10 हजार रुपये की होगी. बाकी 10 हजार रुपये दूसरी किस्त में दिए जाएंगे. हालांकि, दूसरी किस्त कब आएगी इसकी तारीख अभी साफ नहीं है.

इस योजना का फायदा मुख्य रूप से ग्रामीण इलाकों में रहने वाली उन महिलाओं को मिलेगा, जो स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी हैं. इनमें खेती, पशुपालन, सिलाई, कताई, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पाद बनाने जैसे काम करने वाली महिलाएं शामिल हैं. सरकार का मानना है कि, इस आर्थिक मदद से महिलाएं अपने छोटे कारोबार को आगे बढ़ा सकेंगी.

उदाहरण के तौर पर, कोई महिला पशुपालन करती है तो वह इस पैसे से पशुओं के चारे या देखभाल पर खर्च कर सकती है. वहीं, सिलाई या स्थानीय उत्पाद बनाने का काम करने वाली महिलाएं जरूरी सामान खरीद सकती हैं.

उत्तराखंड सरकार पहले से ही महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है. इसके तहत महिलाओं को ऐसे कामों से जोड़ने की कोशिश की जा रही है, जिनसे उनकी सालाना कमाई एक लाख रुपये या उससे ज्यादा हो सके. स्थानीय उत्पादों की बिक्री, उनकी पैकिंग और पहचान बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है.

फिलहाल बैणी-भुली योजना का फायदा गांवों में रहने वाली पात्र महिलाओं को देने की तैयारी है. सरकार ने शहरी महिलाओं के लिए भी ऐसी ही एक अलग योजना शुरू करने की बात कही है. हालांकि, इसके लिए आवेदन कैसे करना होगा और कौन-कौन से दस्तावेज देने होंगे, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. इसलिए महिलाओं को योजना से जुड़ी नई जानकारी के लिए अपने स्वयं सहायता समूह और ग्रामीण आजीविका मिशन के संपर्क में रहना चाहिए.

Share This Article