एग्रीवेट: Shivraj Singh Chouhan: गुरुनानक जयंती और प्रकाश पर्व के मौके पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज पंजाब के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह सबसे पहले सुल्तानपुर लोधी स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब पहुंचकर मत्था टेकेंगे और सेवा करेंगे. इसके बाद वह तरनतारन जिले के गांव बूढ़ हवेलियां जाएंगे. यहां किसान चौपाल लगाकर किसानों से सीधे बातचीत करेंगे.
शिवराज सिंह चौहान का यह दौरा किसानों के लिहाज से भी अहम है, क्योंकि किसान चौपाल में वह खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर किसानों की बात सुनेंगे. हालांकि, अभी इस बातचीत के एजेंडे और किसी नई कृषि योजना की घोषणा को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
किसानों को सूखा राहत की दूसरी किस्त कब मिलेगी? डिप्टी सीएम टाल गईं सवाल.. ट्रैक्टर मार्च की चेतावनी – एग्रीवेट
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, शिवराज सिंह चौहान सुबह करीब 11:30 बजे सुल्तानपुर लोधी के गुरुद्वारा श्री बेर साहिब पहुंचेंगे. गुरुनानक जयंती के मौके पर वह यहां मत्था टेकेंगे और सेवा में हिस्सा लेंगे. गुरुद्वारा बेर साहिब सिख धर्म के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों में से एक है. मान्यता है कि गुरु नानक देव जी ने यहां बेर के पेड़ के नीचे बैठकर लंबे समय तक ध्यान और तपस्या की थी. कहा जाता है कि उन्होंने यहां 14 साल, 9 महीने और 13 दिन बिताए थे. इसी जगह उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई और उन्होंने ‘मूल मंत्र’ यानी ‘एक ओंकार’ का संदेश दिया था. इसी वजह से इस गुरुद्वारे का सिख धर्म में खास महत्व है.
गुरुद्वारा बेर साहिब में कार्यक्रम के बाद शिवराज सिंह चौहान दोपहर करीब 1:30 बजे तरनतारन जिले के गांव बूढ़ हवेलियां पहुंचेंगे. यहां किसान चौपाल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वह किसानों के साथ बैठकर खेती से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगे. किसान चौपाल में किसानों को अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे केंद्रीय कृषि मंत्री के सामने रखने का मौका मिलेगा. इस दौरान खेती की लागत, फसलों की अच्छी कीमत, पराली का सही इस्तेमाल और किसानों की आमदनी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है. हालांकि, इन विषयों को लेकर कोई तय एजेंडा जारी नहीं किया गया है.
इससे पहले भी शिवराज सिंह चौहान पंजाब में किसानों से मिलकर उनकी समस्याओं और खेती से जुड़े मुद्दों पर बात कर चुके हैं. 17 नवंबर को मोहाली और समराला के दौरे के दौरान उन्होंने किसानों से फसल बदलकर उगाने, पराली का सही तरीके से निपटारा करने, खाद का जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल करने और खेती से कमाई बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की थी.
गुरु नानक जयंती और प्रकाश पर्व का महत्व
गुरु नानक जयंती सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु, गुरु नानक देव जी के जन्मदिन के मौके पर मनाई जाती है. इसे प्रकाश पर्व भी कहा जाता है. इस दिन गुरुद्वारों में विशेष अरदास, कीर्तन और लंगर का आयोजन होता है. गुरु नानक देव जी ने लोगों को एक ईश्वर में विश्वास रखने, सभी इंसानों को बराबर समझने, मेहनत से कमाने और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश दिया था. उनका मानना था कि, इंसान की पहचान उसके धर्म या जाति से नहीं, बल्कि उसके अच्छे कामों से होनी चाहिए.