पंजाब के बाद हरियाणा में भी DAP संकट, खाद नहीं मिलने से नाराज किसानों ने सड़क जाम की, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: पंजाब के बाद हरियाणा में डीएपी खाद की किल्लत की खबर सामने आई है. सिरसा में DAP खाद की कमी को लेकर नाराज किसानों ने प्रदर्शन किया है. करीब 200 से 300 किसानों ने करीब 30 मिनट तक डबवाली रोड पर यातायात रोक दिया. किसानों का कहना था कि उन्हें DAP का नया स्टॉक उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी गई, जिसके बाद वे नाराज हो गए. दरअसल, किसान अनाज मंडी स्थित किसान भवन में DAP के टोकन लेने के लिए पहुंचे थे. वहां खाद का नया स्टॉक नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद किसान करीब 11 बजे डबवाली रोड पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दी.

द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, मौके पर पहुंची पुलिस ने किसानों को भरोसा दिलाया कि DAP के टोकन जारी किए जाएंगे. इसके बाद किसान वापस किसान भवन लौट गए. कृषि विभाग के SDO अमित कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने किसानों को बताया कि फिलहाल DAP का नया स्टॉक उपलब्ध नहीं है. किसानों ने गुरुवार को हुई DAP खाद की वितरण व्यवस्था को लेकर भी शिकायत की. कुछ किसानों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि टोकन होने के बावजूद उन्हें पूरी मात्रा में खाद नहीं मिली. वहीं, कुछ किसानों ने कहा कि वे सुबह से लाइन में खड़े थे, लेकिन उन्हें टोकन नहीं मिल सका.

SDO अमित कुमार वर्मा ने बताया कि सिरसा शहर में 750 टोकन जारी किए गए थे. हर टोकन पर DAP की तीन बोरी दी गई. उन्होंने कहा कि गुरुवार को उपलब्ध पूरा स्टॉक बांट दिया गया था. शुक्रवार को नया स्टॉक नहीं आया, इसलिए किसानों को खाद नहीं मिल सकी.

दरअसल, कुछ देर पहले खबर सामने आई थी कि पंजाब में आलू और गेहूं की बुवाई के लिए DAP खाद की कमी हो गई है. इसे देखते हुए राज्य सरकार ने केंद्र से 3 लाख मीट्रिक टन DAP की तुरंत सप्लाई की मांग की है. पंजाब को रबी सीजन में कुल 5.50 लाख मीट्रिक टन DAP की जरूरत है. इसमें से 70 हजार मीट्रिक टन DAP आलू की फसल के लिए चाहिए. आलू की बुवाई शुरू हो चुकी है, वहीं, गेहूं की बुवाई के लिए 4.80 लाख मीट्रिक टन DAP की जरूरत होगी. गेहूं की बुवाई अक्टूबर के अंत में शुरू होने की उम्मीद है और यह नवंबर के मध्य तक पूरी होगी. राज्य सरकार का कहना है कि समय पर DAP की उपलब्धता जरूरी है, ताकि किसानों को आलू और गेहूं की बुवाई के दौरान खाद की कमी का सामना न करना पड़े.

Share This Article