गन्ना किसानों ने सरकार को दिया 25 नवंबर तक का अल्टीमेटम, मांगें नहीं मानीं तो पूरे राज्य में होगा आंदोलन – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Sugarcane Farmers: पंजाब में गन्ना किसानों का विरोध प्रदर्शन तेज होता जा रहा है. अब संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने राज्य सरकार को 25 नवंबर तक का समय दिया है. किसान संगठन ने चेतावनी दी है कि, अगर तय समय तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो पूरे पंजाब में आंदोलन तेज किया जाएगा. किसानों की मांग है कि गन्ने का सही दाम दिया जाए, चीनी मिलों को जल्द शुरू किया जाए और पुराना बकाया भुगतान किया जाए. इसके अलावा, किसान नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को रिहा करने की भी मांग उठाई गई है.

जालंधर में प्रेस वार्ता के दौरान संगठन के राष्ट्रीय संयोजक जगजीत सिंह डल्लेवाल ने सरकार को यह चेतावनी दी. उन्होंने बताया कि, किसान 15 नवंबर से मुकेरियां चीनी मिल के बाहर धरना दे रहे हैं.

जगजीत सिंह डल्लेवाल के मुताबिक, किसान चाहते हैं कि डॉ. स्वामीनाथन आयोग के फॉर्मूले के हिसाब से उन्हें गन्ने का सही दाम मिले. उनका कहना है कि गन्ने की खेती में जितना खर्च आता है, उसके हिसाब से कीमत तय होनी चाहिए. इसके अलावा चीनी मिलों पर किसानों का जो पुराना पैसा बकाया है, उसका जल्द भुगतान किया जाए. किसान यह भी चाहते हैं कि गन्ना देने के बाद उन्हें पूरा पैसा एक साथ मिले, ताकि भुगतान के लिए महीनों इंतजार न करना पड़े. इसके साथ ही चीनी मिलें कब शुरू होंगी, इसकी तारीख भी पहले से तय करने की मांग की गई है.

किसान संगठन ने 17 नवंबर को धरना स्थल के पास हुए सड़क हादसे का मुद्दा भी उठाया. डल्लेवाल के मुताबिक, इस हादसे में ट्रॉली से टकराने के बाद एक मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई थी. उन्होंने पुलिस और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि, हादसे की जिम्मेदारी लेने के बजाय किसानों और उनके नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज कर दिए गए. हालांकि, ये आरोप किसान संगठन की ओर से लगाए गए हैं.

मोर्चे ने हादसे में जान गंवाने वाले युवक के परिवार को मुआवजा देने और किसान नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की है. संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल 25 नवंबर को एसएसपी से मुलाकात करेगा. इस दौरान हादसे से जुड़ी परिस्थितियों और किसानों की मांगों को उनके सामने रखा जाएगा.

डल्लेवाल ने साफ कहा है कि अगर पंजाब सरकार ने 25 नवंबर तक किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो आंदोलन को पूरे राज्य में फैलाया जाएगा. ऐसे में आने वाले दिनों में पंजाब में गन्ना किसानों का आंदोलन और तेज होने की आशंका है.

Share This Article