Diwali 2026: 8 या 9 नवंबर, कब मनाई जाएगी दिवाली? जानें लक्ष्मी-गणेश पूजा का शुभ मुहूर्त – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Diwali 2026 Date: दिवाली का त्योहार आते ही घरों में रौनक बढ़ जाती है. लोग कई दिन पहले से ही घर की सफाई, सजावट और खरीदारी की तैयारी शुरू कर देते हैं. इस दिन शाम होते ही घरों में दीपक जलाए जाते हैं और मां लक्ष्मी व भगवान गणेश की पूजा की जाती है. मान्यता है कि दिवाली पर सच्चे मन से पूजा करने से घर में सुख-शांति बनी रहती है और परिवार में खुशहाली आती है. मां लक्ष्मी को धन की देवी माना जाता है, जबकि भगवान गणेश को सुख-समृद्धि और शुभ कामों की शुरुआत से जोड़कर देखा जाता है. ऐसे में दिवाली की पूजा में दोनों की साथ आराधना की जाती है.

अगर आप भी दिवाली की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले से ही इसकी तारीख, पूजा का शुभ समय और जरूरी सामग्री जान लीजिए. इससे पूजा के समय किसी सामान की कमी नहीं होगी और आप आराम से पूरे परिवार के साथ त्योहार मना सकेंगे.

हिंदू पंचांग के अनुसार, साल 2026 में कार्तिक महीने की अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह 11 बजकर 27 मिनट पर शुरू होगी. यह तिथि अगले दिन यानी 9 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट तक रहेगी. ऐसे में दिवाली का त्योहार 8 नवंबर, रविवार को मनाया जाएगा.

दिवाली पर शाम के समय मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की जाती है. इस साल लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 54 मिनट से रात 7 बजकर 50 मिनट तक रहेगा. यानी पूजा के लिए करीब 1 घंटा 56 मिनट का समय मिलेगा. घर में पूजा की तैयारी इसी समय को ध्यान में रखकर कर सकते हैं.

दिवाली की पूजा शुरू करने से पहले जरूरी सामान एक जगह रख लेना अच्छा रहता है. इससे पूजा के बीच में बार-बार उठकर चीजें लाने की जरूरत नहीं पड़ती. सबसे पहले मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की मूर्तियां या तस्वीर, एक चौकी और लाल कपड़ा रख लें.

इसके अलावा रोली, कुमकुम, चंदन, अक्षत यानी साबुत चावल, पान, सुपारी, नारियल और गंगाजल की जरूरत होगी. पूजा के लिए कलश, आम के पत्ते, मौली और जनेऊ भी रख लें. वहीं फूल, फल, दूर्वा, धूप, कपूर, दीपक और रुई की बत्तियां भी तैयार रखें. मां लक्ष्मी को चढ़ाने के लिए खील, बताशे और मिठाई का इंतजाम भी कर लें. पंचामृत भी पूजा की सामग्री में शामिल कर सकते हैं.

इसके बाद कुबेर देव की पूजा करें और सभी देवी-देवताओं के सामने धूप-दीप जलाकर आरती करें. पूजा पूरी होने के बाद परिवार के सभी लोग मिलकर सुख-शांति, अच्छी सेहत और आर्थिक खुशहाली की कामना करें. आखिर में घर के अलग-अलग हिस्सों में दीपक जलाएं और परिवार के साथ दिवाली का त्योहार मनाएं.

Share This Article