दीवाली की मिठास फीकी कर चीनी की महंगाई, 4 रुपये प्रति किलो उछाल ने मुश्किल बढ़ाई – एग्रीवेट

Team Agrivate
4 Min Read

एग्रीवेट: चीनी की कीमतें नीचे आने का नाम नहीं ले रही हैं. एक महीने में चीनी का खुदरा भाव 4 रुपये प्रति किलो बढ़ने से उपभोक्ताओं को त्योहारी मिठास फीकी पड़ने की चिंता सता रही है. उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार चीनी का मौजूदा खुदरा मूल्य बढ़कर 59.50 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया है. वहीं, सालाना आधार पर चीनी की कीमतें 27 फीसदी ऊपर चल रही हैं.

त्योहारों के दौरान आपूर्ति की कमी दूर करने के लिए सरकार के प्रयासों के बावजूद खुदरा एवं थोक बाजारों में चीनी की कीमतें पिछले एक महीने में चार रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक बढ़ गई हैं. उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार चीनी का औसत दैनिक खुदरा मूल्य 3 नवंबर को 59.50 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया है, जो बीते महीने 55.3 रुपये प्रति किलो था.

चीनी की कीमतों में सालाना आधार पर 12-13 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ी हैं. एक साल पहले खुदरा बाजार में चीनी का भाव 46.50 रुपये प्रति किलोग्राम था. वहीं, थोक कीमतों में भी सालाना आधार पर 28 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है. पिछले साल 4323 रुपये प्रति क्विटंल चीनी का भाव था, जो अब उछलकर 5537 रुपये प्रति क्विंटल के पार पहुंच गया है.

Share This Article