विपक्ष पर बरसे कृषि मंत्री शिवराज सिंह, बोले- राहुल और अखिलेश की न क्रेडिबिलिटी है, न कैपेबिलिटी – एग्रीवेट

Team Agrivate
9 Min Read

एग्रीवेट: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लखनऊ में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में में विपक्ष को देश को बांटने की साजिश करने वाला बताया. उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन राजनीति को रक्तनीति और लोकतंत्र को लूटतंत्र बनाना चाहता है. राहुल गांधी को विदेशी ताकतों से एंटी इंडिया नैरेटिव चलाने का टेंडर मिला है. अखिलेश यादव आधार कार्ड बनवाने की फैक्ट्रियां चला रहे हैं क्या? 1905 में लॉर्ड कर्जन, 1947 में जिन्ना और अब राहुल गांधी देश बांटने का षड्यंत्र कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा और एनडीए के देशभक्त कार्यकर्ता जिंदा हैं, देश नहीं बंटने देंगे.

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होकर विशाल जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कांग्रेस, राहुल गांधी और पूरे इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी ऐसे नेता हैं कि जो इनके साथ जाता है, वह भी डूब जाता है. जब जनता के बीच चुनाव नहीं जीत पाए, तो अब लोकतंत्र को कमजोर करने और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं.

केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि आपको तो विदेशी ताकतों ने एंटी इंडिया नैरेटिव चलाने का टेंडर दे दिया है. आज एसआईआर को लेकर इतना हल्ला मचाया जा रहा है, वोट चोरी के आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने सवाल किया कि जिन लोगों का स्वर्गवास हो चुका है, जो इस दुनिया में हैं ही नहीं, उनके नाम मतदाता सूची में रहने चाहिए क्या? उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत जिन नामों को हटाने की बात कही जा रही है, उनमें ऐसे मतदाता भी शामिल हैं जो अपने पते पर नहीं मिले, एक स्थान से दूसरे स्थान पर चले गए, जिनकी डुप्लीकेट एंट्री थी या जिनका निधन हो चुका है.

शिवराज सिंह चौहान ने अपने भाषण में आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग 3 करोड़ मतदाता अपने पते पर नहीं मिले, 6.3 करोड़ मतदाता दूसरी जगह चले गए, 1 करोड़ डुप्लीकेट एंट्री थीं और 2 करोड़ 80 लाख मतदाताओं का निधन हो चुका था. उन्होंने सवाल किया कि ऐसे नाम मतदाता सूची से हटाए जाते हैं, तो कांग्रेस और विपक्ष को दर्द क्यों होता है?

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस और पूरा इंडी गठबंधन गणतंत्र को गुंडातंत्र में बदलना चाहता है. ये राजनीति को रक्तनीति, लोकतंत्र को लूटतंत्र और प्रजातंत्र को पीड़ातंत्र में बदलना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि देश को बांटने का पहला षड्यंत्र 1905 में लॉर्ड कर्जन ने किया था, दूसरा षड्यंत्र 1947 में मोहम्मद अली जिन्ना ने किया था और अब तीसरा षड्यंत्र राहुल गांधी और इंडी गठबंधन कर रहे हैं. ये देश को अराजकता की आग में झोंकना चाहते हैं. उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि सुन लो राहुल गांधी, जब तक देशभक्त भारतीय जनता पार्टी और एनडीए के कार्यकर्ता जिंदा हैं, हम देश नहीं बंटने देंगे और अराजकता नहीं फैलने देंगे.

शिवराज सिंह चौहान ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाकर उनके दम पर चुनाव जीतना चाहता है. उन्होंने कहा कि जो लोग हमारे देश के नागरिक नहीं हैं और बांग्लादेश सहित दूसरे देशों से घुसपैठ करके आए हैं, उन्हें देश से बाहर निकाला जाना चाहिए. अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि क्या आप आधार कार्ड बनवाने की फैक्ट्रियां चला रहे हैं? क्या देश कोई धर्मशाला है कि जिसको आना हो, आ जाए? उन्होंने कहा कि हम अपने देश से प्यार करते हैं, भारतीय जनता पार्टी और एनडीए अपने देश से प्यार करते हैं, लेकिन इंडी गठबंधन तो घुसपैठिया लवर है.

शिवराज सिंह चौहान ने समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जब उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार थी, तब गुंडातंत्र इतना हावी था कि लोग शाम 5 बजे के बाद घरों से निकलने में डरते थे. कमीशन, क्राइम और करप्शन की सरकार चलाकर समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश का सत्यानाश कर दिया था. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ा है और देश का नंबर एक प्रदेश बनने की दिशा में बढ़ रहा है.

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि साल 2029 में नरेंद्र मोदी फिर से शान के साथ भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे और अब तक के रिकॉर्ड तोड़ते हुए बनेंगे. उन्होंने कहा कि देश की जनता विकास, स्थिरता और मजबूत नेतृत्व के साथ खड़ी है. कांग्रेस और इंडी गठबंधन चाहे जितने झूठे नैरेटिव बना लें, देश की एकता और लोकतंत्र को कमजोर करने की उनकी कोशिश सफल नहीं होगी. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए का प्रत्येक कार्यकर्ता देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संकल्पित है. जब तक देशभक्त कार्यकर्ता मैदान में हैं, देश को बांटने और अराजकता फैलाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा.

Share This Article