देश में कपास उत्पादन 14 फीसदी घटने का अनुमान, इस साल 280 लाख गांठ रह सकता है उत्पादन—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: देश में 2026-27 सीजन के दौरान कपास का उत्पादन करीब 14 फीसदी घटने का अनुमान है. कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (CAI) के पहले अनुमान के मुताबिक, इस साल कपास का उत्पादन घटकर 280 लाख गांठ रह सकता है. पिछले सीजन यानी 2025-26 में देश में 325.69 लाख गांठ कपास का उत्पादन हुआ था. कपास की खेती का नया सीजन अक्टूबर से शुरू हो चुका है. CAI के मुताबिक, इस साल कपास की बुवाई का रकबा कम रहने और प्रमुख उत्पादक राज्यों में सूखे की स्थिति के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है.

CAI की फसल समिति की ओर से तैयार किए गए पहले अनुमान और बैलेंस शीट के मुताबिक, 2026-27 सीजन में कपास की कुल सप्लाई 417.88 लाख गांठ रहने का अनुमान है. इसमें पिछले सीजन का बचा हुआ स्टॉक 72.88 लाख गांठ और आयात से मिलने वाली 65 लाख गांठ कपास शामिल है. CAI ने चालू सीजन में कपास का आयात 65 लाख गांठ रहने का अनुमान लगाया है. यह पिछले सीजन के 71.6 लाख गांठ के मुकाबले कम है. इस बीच, केंद्र सरकार ने कपास के आयात पर मिलने वाली कस्टम ड्यूटी की छूट दिसंबर के अंत तक बढ़ा दी है. इससे विदेशी कपास के आयात पर लगने वाला शुल्क फिलहाल नहीं देना होगा.

कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (CAI) के मुताबिक, 2026-27 सीजन में देश में कपास की खपत पिछले साल के बराबर यानी 365 लाख गांठ रहने का अनुमान है. वहीं, कपास का निर्यात घटकर 12 लाख गांठ रह सकता है. पिछले सीजन में 15 लाख गांठ कपास का निर्यात हुआ था. CAI के अनुमान के मुताबिक, 30 सितंबर 2027 तक देश में कपास का बचा हुआ स्टॉक घटकर 40.88 लाख गांठ रह सकता है. जबकि एक साल पहले यानी 30 सितंबर 2026 को यह 72.88 लाख गांठ था. इसका मतलब है कि इस सीजन के अंत तक कपास का स्टॉक काफी कम हो सकता है.

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान को मिलाकर उत्तर भारत में 2026-27 सीजन के दौरान कपास का उत्पादन 28 लाख गांठ रहने का अनुमान है. पिछले साल इस क्षेत्र में 27 लाख गांठ कपास का उत्पादन हुआ था. राज्यवार आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब में कपास का उत्पादन पिछले साल के 1.5 लाख गांठ से घटकर 1.25 लाख गांठ रह सकता है. वहीं, हरियाणा में उत्पादन 6.5 लाख गांठ से बढ़कर 8 लाख गांठ होने का अनुमान है. ऊपरी राजस्थान में कपास का उत्पादन 11 लाख गांठ से बढ़कर 11.25 लाख गांठ हो सकता है. जबकि निचले राजस्थान में उत्पादन पिछले साल के 8 लाख गांठ के मुकाबले घटकर 7.5 लाख गांठ रहने का अनुमान है.

दक्षिण भारत में भी इस सीजन कपास का उत्पादन कम रहने का अनुमान है. CAI के मुताबिक, 2026-27 सीजन में दक्षिण भारत में उत्पादन घटकर 71 लाख गांठ रह सकता है, जबकि पिछले साल यह 93.84 लाख गांठ था. तेलंगाना में कपास का उत्पादन पिछले साल के 42.1 लाख गांठ से घटकर 34 लाख गांठ रहने का अनुमान है. वहीं, आंध्र प्रदेश में उत्पादन 19.8 लाख गांठ से घटकर 12 लाख गांठ रह सकता है. कर्नाटक में भी उत्पादन 26.94 लाख गांठ के मुकाबले घटकर 20 लाख गांठ होने की संभावना है. तमिलनाडु में कपास का उत्पादन पिछले साल की तरह 5 लाख गांठ रहने का अनुमान है. वहीं, ओडिशा में उत्पादन 3.5 लाख गांठ से घटकर 3 लाख गांठ रह सकता है. अन्य राज्यों में कपास का उत्पादन 2 लाख गांठ पर स्थिर रहने का अनुमान है.

Share This Article