एग्रीवेट: केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि धरने-प्रदर्शनों से कुछ हासिल नहीं होगा तथा पंजाब में अगली सरकार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बनेगी. अमित शाह का यह बयान ऐसे समय आया है जब किसान गन्ना मूल्य बढ़ोत्तरी और एमएसपी पर फसलों की खरीद समेत अपनी मांगों को लेकर पंजाब, हरियाणा समेत अन्य हिस्सों में प्रदर्शन कर रहे हैं. हालांकि, उन्होंने अपने बयान में किसानों की बजाय विपक्षी दलों के धरने-प्रदर्शनों का जिक्र किया है. इसलिए उनके टारगेट पर किसानों के धरना प्रदर्शन नहीं था. केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली में यमुना की सफाई के लिए 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) यमुना को साफ करने के बाद 2029 में जनता से जनादेश मांगेगी.
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और ‘आप’ पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने सत्तारूढ़ गठबंधन पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से छेड़छाड़ और वोट चोरी के आरोप लगाए हैं लेकिन वे कई राज्यों में दशकों से सत्ता से बाहर हैं. उन्होंने कहा कि धरने-प्रदर्शनों से कुछ हासिल नहीं होगा तथा पंजाब में अगली सरकार भाजपा के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बनेगी.
केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली में यमुना की सफाई के लिए 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया. उन्होंने यमुना की सफाई की योजनाओं का ब्योरा देते हुए दिल्ली की पिछली कांग्रेस और ‘आप’ सरकारों पर नदी में सीवर का पानी बहने देने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अब यमुना में गिरने वाले सीवर के पानी की मात्रा कम करने में सफल रही है.
इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज दिल्ली वालों के लिए बहुत ही खुशी का दिन है. आज 9 हजार करोड़ की लागत से जिन प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ, ये सभी वो काम हैं जिनकी इच्छा दिल्ली के हर नागरिक के मन में सालों से थी. हम इतना कह सकते हैं कि यमुना जी के पुनरुद्धार के लिए सरकार ने जिस तरह से काम शुरू किया, डेढ़ साल के कार्यकाल में लगातार हम उस दिशा में मजबूती से आगे बढ़े हैं.
अमित शाह ने ‘आप’ के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘बहानेबाजी की राजनीति’’ पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव में ‘आप’ को नहीं बचा पाएगी. उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग राजग की सरकार चाहते हैं. शाह ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में ‘आप’ का सफाया हो जाएगा. उन्होंने कहा कि पंजाब में राजग की सरकार बनने के बाद राज्य में नशीले पदार्थों की तस्करी की मौजूदा समस्या को खत्म कर दिया जाएगा.
#WATCH दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “कुछ राजनीतिक पार्टियां होती हैं जो बहाने की राजनीति करती हैं। इससे पहले AAP पार्टी की सरकार थी, कांग्रेस की सरकार थी। वो बहाने बनाते थे कि हमें यह मदद नहीं मिली, वह मदद नहीं मिली। केजरीवाल जी मेरे पास आपकी हर बात का जवाब है मगर मैं जवाब तब दूंगा जब पंजाब में भी AAP सरकार को हम उखाड़कर फेंक देंगे। आपने आंदोलन के नाम पर सत्ता हथियाकर भ्रष्टाचार करने के अलावा कुछ नहीं किया। कूड़े के पहाड़ों के नाम पर राजनीति करते रहे और हमने कूड़े के पहाड़ों को नीचे लाने का काम किया है और मैं आज यह कहकर जाता हूं कि 2 साल बाद आपको वहां बगीचा दिखाई देगा…”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जनता लगातार भाजपा की सरकारें चुन रही है. तो विपक्षियों के पेट में दर्द है, इसलिए इन्होंने वोट चोरी का बहाना बनाया है. राहुल गांधी आपको और आपके साथियों को पूरा देश समझ रहा है और समझ भी गया है. वोट चोरी करके आप घुसपैठियों का वोट बचाना चाहते हो. मगर आज इस मंच से मैं कांग्रेस पार्टी और उनके साथियों को कहना चाहता हूं कि कभी EVM का बहाना लगाते हो तो कभी वोट चोरी का बहाना मगर मैं आपको बताता हूं कि भाजपा की केंद्र में मोदी सरकार बनने से पहले आप कभी भी कई राज्यों में चुनकर नहीं आए.