फूलों की कीमतों में अचानक 4 गुना उछाल, तमिलनाडु से लेकर दिल्ली तक महंगा हुआ बाजार—जानें पूरा मामला – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: नवरात्रि और त्योहारी सीजन के चलते फूलों की मांग में आई बढ़त ने इसकी कीमतों में भी भारी उछाल ला दिया है. वहीं, असमय बारिश से फूलों की हार्वेस्टिंग और आपूर्ति प्रभावित हुई है, जो दाम उछालने की बड़ी वजह बना है. तमिलनाडु से दिल्ली तक के बाजारों में चमेली, गेंदा, कनेर, गुलाब समेत अन्य फूलों की कीमतों में चार गुना से भी ज्यादा उछाल दर्ज किया गया है. गेंदा फूल 30 रुपये की जगह 200 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया है. जबकि, चमेली 600 रुपये की बजाय 2500 रुपये प्रति किलो के भाव में बिक रहा है.

तमिलनाडु समेत दक्षिण के इलाकों में आयुध पूजा पर्व से पहले और दिल्ली समेत उत्तर के क्षेत्रों में नवरात्रि दशहरा, दुर्गा पूजा समेत अन्य पर्वों के चलते फूलों की बिक्री में इजाफा देखा जा रहा है. जबकि, कीमतें आसमान छूने की वजह से विक्रेता तो मजे में हैं लेकिन खरीदारों की जेब ढीली हो रही है. तमिलनाडु के मदुरै फूल बाजार में चमेली के फूलों की कीमतें बढ़कर 2,000 से 2,500 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई हैं.

तमिलनाडु के मदुरै समेत अन्य फूल बाजारों में आयुध पूजा से पहले चमेली के फूलों की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिल रहा है. त्योहार के चलते फूलों की मांग बढ़ गई है, जिससे बाजार में कीमतें तेजी से बढ़ी हैं. चमेली के फूलों का भाव बढ़कर 2,000 से 2,500 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है. पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बाजार में चमेली के फूलों की आवक प्रभावित हुई है. बारिश से फूलों की उपलब्धता कम होने के कारण मांग के मुकाबले आपूर्ति घट गई है. ऐसे में त्योहार से ठीक पहले चमेली के फूलों की कीमतों में तेजी आई है.

फूल कारोबारियों के लिए भी मौसम की स्थिति के चलते बाजार में पर्याप्त मात्रा में फूल उपलब्ध कराना चुनौती बन गया है. बारिश की वजह से खेतों में तुड़ाई तो प्रभावित हुई ही और बाजार के लिए सप्लाई पर भी असर पड़ा है. मदुरै के फूल विक्रेता अरुमुगम ने को बताया कि फूलों की आवक लगभग आधी रह गई है, और लगभग सभी किस्मों की आपूर्ति कम हो गई है. जो फूल पहले 20 रुपये में बिकते थे, उनकी कीमत अब 80- 100 रुपये प्रति किलो हो गई है.

उन्होंने बताया कि चमेली का फूल पहले 600 रुपये किलो में बिकता था, अब लगभग चार गुना बढ़कर 2,000 – 2,500 रुपये प्रति किलो में मिल रहा है. जबकि कनेर (ओलिएंडर) की कीमत 300 से बढ़कर 600 रुपये प्रतिकिलो हो गई है. इसी तरह, रजनीगंधा (संपंगी) फूल की कीमत 170-200 रुयपे थी, अब 500 रुपये प्रति किलो में बिक रहा है. इसके साथ ही गुलदाउदी की कीमतें भी बढ़कर 300-400 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई हैं.

#देखें | मदुरै, तमिलनाडु: आयुध पूजा से पहले चमेली की कीमतें ₹2,000-₹2,500 प्रति किलोग्राम तक बढ़ गईं क्योंकि पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण बाजार में फूलों की आवक कम हो गई है, यहां तक ​​कि त्योहारी मांग भी बढ़ गई है।

दिल्ली की गाजीपुर फूल मंडी में भी नवरात्रि के चलते फूलों की मांग बढ़ने के साथ ही कीमतों में उछाल देखा जा रहा है. गुलाब फूल 270 रुपये प्रति किलो की बजाय 500 रुपये प्रति किलो के भाव को पार कर गई है. जबकि, गेंदा फूल 200 रुपये से चढ़कर 400 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है. इसी तरह रजनीगंधा का फूल भी मांग बढ़ने से महंगा हो गया है. जबकि, फूलों की खुली पंखुड़ियां भी 40 रुपये औसत कीमत से चढ़कर 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई हैं.

Share This Article