आटा चक्की-मशरूम यूनिट और बेकरी लगाने के लिए 10 लाख रुपये पाने का मौका, जानें डिटेल्स – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: अगर आप गांव या छोटे कस्बे में रहते हैं और अपना खुद का काम शुरू करना चाहते हैं, लेकिन पैसे की दिक्कत की वजह से ऐसा नहीं कर पा रहे हैं तो अब आपका सपना सच हो सकता है. दरअसल, हिमाचल सरकार ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकरण योजना (PMFME) के लिए आवेदन फिर से मांगे हैं. योग्य उम्मीदवारों को खुद का फूड प्रॉसेसिंग यूनिट लगाने के लिए 10 लाख रुपये तक की मदद दी जा रही है. वैसे यह योजना केंद्र सरकार की है तो आप किसी भी राज्य के निवासी हैं आप भी योजना के तहत लाभ उठा सकते हैं. वहीं, योजना की जानकारी के लिए मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं.

हिमाचल प्रदेश सरकार ने युवाओं को स्वरोजगार खड़ा करने के लिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना (PMFMEY) के लिए आवेदन विंडो फिर से खोल दी है. युवाओं से कहा गया है कि वे जिला उद्योग केंद्र के जरिए आवेदन कर सकते हैं. योजना के तहत यूनिट लगाने के खर्च पर 35 फीसदी तक पूंजी सब्सिडी का प्रावधान है. इस योजना का लाभ युवा, महिलाएं, किसान और उद्यमी उठा सकते हैं. योजना के तहत एक यूनिट लगाने पर अधिकतम 10 लाख रुपये तक अनुदान देने का प्रावधान है.

हमीरपुर जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक डॉ. ठाकुर भगत नेगी योजना के बारे में मीडिया को बताया कि योजना का उद्देश्य स्थानीय कृषि और खाद्य उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर रोजगार देने के साथ ही कमाई के नए अवसर पैदा करना है. योजना के तहत पापड़-चिप्स, मसाले, जूस, मिठाई, आइसक्रीम, चॉकलेट, नूडल्स, नमकीन, अचार, पनीर, घी, बिस्कुट आदि बिजनेस लगाए जा सकते हैं. इसके साथ ही बेकरी उत्पाद बनाने की यूनिट, मशरूम यूनिट और पशु आहार के साथ आटा चक्की यूनिट लगाने के लिए भी 10 लाख रुपये की मदद की जा रही है.

महाप्रबंधक ने बताया कि 18 साल से अधिक उम्र के युवा, महिलाएं, किसान, स्वयं सहायता समूह, किसान उत्पादक संगठन, सहकारी समितियां, गैर सरकारी संगठन, पार्टनरशिप फर्म और संबंधित उद्यमी योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं. लाभार्थी को परियोजना लागत का कम से कम 10 फीसदी हिस्सा स्वयं वहन करना होगा, जबकि शेष राशि बैंक लोन के माध्यम से उपलब्ध करवाई जाएगी.

डॉ. ठाकुर भगत नेगी ने बताया कि योजना का लाभ लेने और अधिक जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक जिला उद्योग केंद्र हमीरपुर के दूरभाष नंबर 01972-222309 या जिला रिसोर्स पर्सन अंशुल सूद के मोबाइल नंबर 70186-04919 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा अन्य प्रदेश या शहरों के युवा भी अपने जिले के जिला उद्योग केंद्र में योजना के बारे में संपर्क कर जानकारी ले सकते हैं.

Share This Article