एग्रीवेट: बिहार के बाढ़ से फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को सम्राट चौधरी सरकार ने राहत राशि की नई किस्त जारी कर दी है. राज्य सरकार की ओर से 2.48 लाख लोगों को राहत राशि डीबीटी के जरिए ट्रांसफर की गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि किसानों के नुकसान की भरपाई सरकार कर रही है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कोई भी पीड़ित किसान मुआवजा राशि पाने से वंचित ना रहने पाए. उन्होंने छूटे किसानों के नाम शामिल करने के लिए फिर से ड्राइव चलाने के निर्देश दिए हैं.
बिहार में अगस्त महीने में अतिवृष्टि और अप्रत्याशित आई बाढ़ के चलते फसल क्षति की भरपाई के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किसानों के अकाउंट में कृषि इनपुट अनुदान राशि भेज दी है. 2 लाख 48 हजार से ज्यादा प्रभावित किसानों के बैंक खातों में लगभग 112.52 करोड़ की अनुदान राशि डीबीटी के माध्यम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भेजा है. उन्होंने कहा कि किसानों की बाढ़ बारिश से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है और इसकी चोट से कराह रहे किसानों की मदद सरकार कर रही है.
सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पीड़ित किसान इनपुट राशि पाने से वंचित नहीं रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि जो पीड़ित किसान छूट गए हैं उन्हें भी राशि देने के लिए 22 अक्टूबर के बाद ड्राइव चलाई जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि विभाग और आपदा विभाग की भूमिका इसमें सबसे अधिक है. वे टीम बनाकर गांव-गांव भेजें और जो किसान फसलों के नुकसान से पीड़ित हैं उनके नाम भी लिस्ट में शामिल किए जाएं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि असिंचित फसल के क्षेत्र में साढ़े 8 हजार रुपया प्रति हेक्टेयर के हिसाब से राशि अनुदान में दिया जाता है. सिंचित फसल क्षेत्र के लिए लगभग 17 हजार रुपया प्रति हेक्टेयर दिया जाता है. बहुवर्षीय फसलों के लिए लगभग 22 हजार रुपया प्रति हेक्टेयर दिया जाता है. 4 लाख 57 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं. इसमें से 2 लाख 48 हजार लोगों को अनुदान दिया गया है.
बिहार सरकार ने इससे 15 सितंबर को पहले चरण में 877190 बाढ़ पीड़ित परिवारों को 614.23 करोड़ रुपए की राशि भेजी थी. वहीं, दूसरे चरण में 12 अक्टूबर को 160201 बाढ़ प्रभावित परिवारों के बैंक खाते में 112.14 करोड़ की राशि भेजी गई थी. यानि अब तक कुल 726.17 करोड़ की राशि 10 लाख 37391 बाढ़ प्रभावित परिवारों को भेजी जा चुकी है. अब आज बुधवार को फसल नुकसान की राशि किसानों को दी जा रही है.
मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष से बाढ़ के कारण फसल क्षति से प्रभावित 2,48,704 किसानों के बैंक खातों में ₹112.52 करोड़ की कृषि इनपुट अनुदान राशि DBT के माध्यम से अंतरित की।
बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से हमारे किसानों का जो नुकसान हुआ है उसके लिए हमने मुख्यमंत्री द्वारा 125 करोड़ रुपए भेजे हैं. सरकार आपदा से पीड़ित लोगों के साथ पूर्ण रूप से खड़ी है. उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों के नुकसान की भरपाई की जाएगी. आपदा की स्थिति से जूझ रहे किसानों को सरकार अकेला नहीं छोड़ेगी. अलग-अलग चरणों में राहत राशि दी जा रही है. उन्होंने कहा कि जो किसान छूट गए हैं उन्हें फिर से राशि जारी होगी.