मध्य प्रदेश में तेंदूपत्ता संग्राहकों को दिवाली गिफ्ट, 3.69 लाख लोगों को मिले 30 करोड़ रुपये – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिवाली से पहले तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस का तोहफा दिया है. उन्होंने बैतूल, छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम जिले के करीब 3 लाख 69 हजार तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये का बोनस वितरित किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों पर फूल बरसाकर उनका सम्मान भी किया. सरकार को उम्मीद है कि इस राशि से तेंदूपत्ता संग्राहकों को काफी फायदा होगा. उनकी कमाई में इजाफा होगा.

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 443 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया. मुख्यमंत्री मोहन यादवन ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार लोगों के कल्याण के लिए काम कर रही है. इसी का हिस्सा है तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस देना. उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता तोड़ने के बदले मिलने वाली मजदूरी संग्राहकों को उनका हक है और यह राशि उन्हें दी गई है. अब तेंदूपत्ता ज्यादा कीमत पर बिका है, इसलिए संग्राहकों को उसकी बिक्री से मिला अतिरिक्त पैसा बोनस के रूप में दिया जा रहा है.

आज बैतूल जिले में माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री श्री @DdUikey जी एवं माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री @Hkhandelwal1964 जी के साथ 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहक भाई-बहनों के खातों में ₹30 करोड़ से अधिक की बोनस राशि का अंतरण किया।

कार्यक्रम में बैतूल वन क्षेत्र की ग्राम वन समितियों के सदस्यों के खातों में ₹13 करोड़ से अधिक की काष्ठ लाभांश राशि का भी अंतरण किया।

वहीं, मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बैतूल जिले में विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आर्थिक मदद मांगी. उन्होंने पेयजल व्यवस्था के लिए 48 करोड़ रुपये देने की मांग की. इसके अलावा गीता भवन, हाट बाजार, रामघाटी परियोजना और कालेमेश्वर स्टोरेज सिंचाई परियोजना के लिए भी राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया.

खंडेलवाल ने स्कूलों के विकास के लिए 47 करोड़ रुपये और बैतूल में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने के लिए 50 करोड़ रुपये मांगे. उन्होंने बटरफ्लाई पार्क के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये देने की मांग भी रखी. उन्होंने कहा कि बैतूल में उद्योग लगाने के लिए जमीन की कमी है. इसलिए ऐसी जमीन उपलब्ध कराई जाए, जहां जंगल न हो. इसके बदले उन्होंने भिंड-मुरैना के बीहड़ क्षेत्र की जमीन देने का सुझाव दिया.

बता दें कि बीते 25 अक्टूबर को भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल जिले के बाणगंगा मेला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 8 लाख 66 हजार से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों के बैंक खातों में 22.89 करोड़ रुपये का बोनस ट्रांसफर किया था. यह राशि सिंगल क्लिक के जरिए सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई थी. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में 461.83 करोड़ रुपये की लागत वाले 134 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया था. कार्यक्रम के दौरान प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्कूटी भी वितरित की गई थी.

Share This Article