एग्रीवेट: Sugar Import: भारत में इस बार चीनी की कमी होने की आशंका है. कमजोर मॉनसून और मौसम की मार की वजह से महाराष्ट्र, कर्नाटक और दूसरे गन्ना उत्पादक इलाकों में फसल प्रभावित हुई है. इसका सीधा असर गन्ने की पैदावार के साथ उससे बनने वाली चीनी की मात्रा पर भी पड़ रहा है. ऐसे में चालू चीनी सीजन (अक्टूबर 2026 से सितंबर 2027) में देश की जरूरत पूरी करने के लिए विदेशों से चीनी मंगानी पड़ सकती है. उद्योग से जुड़े शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, भारत को कम से कम 20 लाख टन चीनी का आयात करना पड़ सकता है.
बिजनेस लाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सीजन में देश में चीनी का उत्पादन 275 से 285 लाख टन के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, देश में सालाना चीनी की खपत करीब 290 लाख टन है. यानी उत्पादन घरेलू मांग से कम रह सकता है. हालांकि, सरकार ने अभी तक चालू सीजन के उत्पादन का आधिकारिक अनुमान जारी नहीं किया है. कृषि मंत्रालय की ओर से गन्ने का पहला अग्रिम अनुमान नवंबर के आखिर तक आने की उम्मीद है. इसके बाद उत्पादन की स्थिति ज्यादा साफ होगी.
किसानों को सूखा राहत की दूसरी किस्त कब मिलेगी? डिप्टी सीएम टाल गईं सवाल.. ट्रैक्टर मार्च की चेतावनी – एग्रीवेट
इस बार मॉनसून में मराठवाड़ा, पश्चिमी महाराष्ट्र और उत्तरी व मध्य कर्नाटक में सामान्य से काफी कम बारिश हुई. इसका असर गन्ने की फसल पर पड़ा है और उसकी बढ़वार कमजोर रही है. इतना ही नहीं, मिलों में गन्ने से चीनी बनने की मात्रा भी कम रहने की आशंका है. इसे चीनी की रिकवरी कहते हैं. एक तय मात्रा में गन्ने से जितनी चीनी निकलती है, उसे रिकवरी कहते हैं. रिकवरी कम होने का मतलब है कि उतने ही गन्ने से पहले के मुकाबले कम चीनी तैयार होगी. इससे कुल चीनी उत्पादन भी घट जाएगा.
अनुमान है कि 30 सितंबर 2027 तक देश में चीनी का बचा हुआ स्टॉक घटकर 20 से 25 लाख टन रह सकता है. यह देश की करीब एक महीने की खपत के बराबर है. ऐसे में घरेलू बाजार में चीनी की कमी न हो, इसके लिए आयात की जरूरत पड़ सकती है.
सरकार ने अगस्त 2026 में बिना आयात शुल्क के 10 लाख टन कच्ची चीनी मंगाने की छूट दी थी. इसके तहत 8.12 लाख टन चीनी के आयात परमिट जारी किए गए. हालांकि, कुछ परमिट वापस होने के बाद अब करीब 2.15 लाख टन चीनी और मंगाने की गुंजाइश बची है. विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने 18 नवंबर को मिलों और रिफाइनरी को इसके लिए 27 नवंबर तक आवेदन करने का मौका दिया है. साथ ही, बिना शुल्क चीनी आयात करने की आखिरी तारीख बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 कर दी गई है.
इसके अलावा, सरकार एक और बदलाव पर विचार कर रही है. इसके तहत एडवांस ऑथराइजेशन स्कीम के तहत विदेश से मंगाई गई चीनी को घरेलू बाजार में बेचने की छूट दी जा सकती है. अभी इस योजना के तहत मंगाई गई चीनी को दोबारा विदेश भेजना जरूरी है. अगर सरकार नियम बदलती है, तो देश में चीनी की उपलब्धता बढ़ सकती है.