एग्रीवेट: Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मॉनसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन बारिश का दौर अभी पूरी तरह थमा नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत से लेकर मध्य, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश देखने को मिल सकती है. कुछ जगहों पर गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी संभावना है. ऐसे में किसानों को खेतों में खड़ी फसलों और कटाई के काम को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है.
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी अब सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई तक हो गई है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों में महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ के ज्यादातर हिस्सों से भी मॉनसून लौट सकता है. इसके अलावा महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों के साथ तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों से भी मॉनसून की वापसी के लिए मौसम अनुकूल हो सकता है. हालांकि, देश के कई हिस्सों में सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण बारिश का दौर अभी जारी है.
उत्तर प्रदेश में 4 अक्टूबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. पूर्वी यूपी में 5 से 8 अक्टूबर के दौरान हल्की से छिटपुट बारिश होने का अनुमान है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 और 7 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. ऐसे में किसानों को खेतों में तैयार फसल और कटाई से जुड़े काम मौसम देखकर करने की सलाह दी जाती है. खासकर जिन इलाकों में बारिश की संभावना है, वहां खुले में रखी कृषि उपज को सुरक्षित जगह पर रखना जरूरी होगा.
दिल्ली में अगले दिन आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा करीब 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है, जबकि दोपहर में इसकी गति 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
बिहार में 4 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, 6 से 9 अक्टूबर के बीच कई जगहों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है. 7 और 8 अक्टूबर को कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 5 से 9 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में 5 से 7 और हिमाचल प्रदेश में 6 से 8 अक्टूबर के बीच गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का असर रह सकता है. हिमाचल में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और झोंकों के दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 6 से 8 अक्टूबर के दौरान बारिश के आसार हैं, जबकि 9 अक्टूबर को कुछ इलाकों में बारिश और बिजली गिरने की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
छत्तीसगढ़ में 5 से 9 अक्टूबर के दौरान कई इलाकों में बारिश की संभावना है. 6 और 7 अक्टूबर को यहां गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 7 से 9 अक्टूबर और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 8 और 9 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.
दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है. तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में 4 से 6 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 5 और 6 अक्टूबर को भारी बारिश के आसार हैं. वहीं तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भी बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों में 4 से 6 अक्टूबर के दौरान तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं और झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं.
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 4 से 9 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 4 अक्टूबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है.