एग्रीवेट: Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में पिछले दो दिनों से बदले मौसम का असर अब तापमान पर दिखने लगा है. बारिश और तेज हवाओं की वजह से दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में पारा नीचे आया है. सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में फिलहाल मौसम साफ रहने की संभावना है. हालांकि, बिहार के कई जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है.
दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम तेजी से मजबूत हो रहा है. इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है. इसका असर आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु समेत दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में देखने को मिल सकता है.
देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 5 नवंबर तक बदला रहेगा मौसम, आंधी-बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी – एग्रीवेट
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाओं के बाद तापमान में गिरावट आई है. दिन का अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. मौसम में आई इस ठंडक से लोगों को सर्दी की शुरुआत का एहसास होने लगा है.
बिहार में मौसम का मिजाज बदल सकता है. पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने भोजपुर, सारण, सीवान, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, बांका, भागलपुर, लखीसराय, बेगूसराय और जमुई में येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं, पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में बिजली गिरने और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है. सीतामढ़ी और मधुबनी के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है.
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वी हिस्सों में कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई है. हालांकि, अब अगले कुछ दिनों तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. पश्चिमी राजस्थान में भी फिलहाल बारिश की खास संभावना नहीं है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ रहा है. इससे बारिश की गतिविधियां कम होंगी. हालांकि, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में ठंड बढ़ेगी.
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब मजबूत हो रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम पहले अवदाब और फिर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है. इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 2 नवंबर तक आंध्र प्रदेश के तट के पास पहुंचने की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 2 नवंबर को कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. 3 नवंबर को भी बहुत भारी बारिश का अनुमान है. ओडिशा में 2 नवंबर को भारी और 3-4 नवंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. तटीय आंध्र प्रदेश में 3 नवंबर को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 6 नवंबर तक रुक-रुककर बारिश हो सकती है. केरल में 1 से 4 नवंबर के बीच भारी बारिश का अनुमान है. तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 2 से 5 नवंबर तक बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है. पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले एक सप्ताह तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश में 1 और 2 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है. वहीं, छत्तीसगढ़ में 3-4 नवंबर और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 4 नवंबर तक बारिश का अनुमान है.