एग्रीवेट: 03 अक्टूबर 2026, हरदा : हरदा के किसान ने अपनाई ड्रिप-मल्चिंग तकनीक, 2.25 एकड़ में मिर्च की खेती से कमाए 4.50 लाख रुपए – प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का लाभ लेकर हरदा जिले के खिरकिया विकासखंड के ग्राम चारूआ (हरिपुरा माल) के किसान आशुतोष बघेला ने 2.25 एकड़ में मिर्च की खेती से करीब 4.50 लाख रुपए की कुल आय अर्जित की। खेती पर उनकी करीब 2.50 लाख रुपए लागत आई, जिससे उन्हें लगभग 2 लाख रुपए का शुद्ध लाभ हुआ। मिर्च की खेती में उन्होंने ड्रिप सिंचाई और प्लास्टिक मल्चिंग तकनीक अपनाई थी।
आशुतोष बघेला के पास कुल 6 एकड़ जमीन है और वे करीब 5 वर्षों से मिर्च की खेती कर रहे हैं। पहले पारंपरिक सिंचाई के कारण पानी अधिक लगता था और उत्पादन भी अपेक्षित नहीं था। इसके बाद उन्होंने उद्यानिकी विभाग से संपर्क किया और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 2.25 एकड़ में ड्रिप सिंचाई संयंत्र लगाया। इसके लिए उन्हें 63,658 रुपए का अनुदान मिला। उन्होंने ड्रिप के साथ प्लास्टिक मल्चिंग भी अपनाई। ड्रिप से पौधों की जड़ों तक बूंद-बूंद पानी पहुंचा, जबकि मल्चिंग से खेत में नमी बनी रही और खरपतवार की समस्या कम हुई। इससे पानी की बचत हुई और फसल अधिक स्वस्थ रही।
उन्नत तकनीक का परिणाम यह रहा कि उन्हें मिर्च की फसल से प्रति एकड़ करीब 150 क्विंटल उत्पादन मिला। मिर्च को स्थानीय बाजार और सीधे खेत से व्यापारियों को बेचा गया। इसके लिए औसतन 3,000 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिला। आशुतोष बघेला की खेती में ड्रिप-मल्चिंग तकनीक और सरकारी योजना के लाभ से पानी की बचत के साथ उत्पादन और आय में बढ़ोतरी हुई।