कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं.. दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में देश के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है. दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं, दिल्ली और पूर्वोत्तर भारत में मौसम ज्यादातर शुष्क रहने की संभावना है. IMD के मुताबिक, दिल्ली में 22 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना नहीं है. राजधानी में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा और 18 अक्टूबर से आसमान ज्यादातर साफ रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, 21 और 22 अक्टूबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इससे आने वाले दिनों में दिन के समय गर्मी बढ़ने की संभावना है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में षष्ठी (बोधन) से विजयादशमी यानी 21 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों में बारिश की संभावना कम है. इन राज्यों में असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा शामिल हैं. मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में इन राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रह सकता है. वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बने रहने का अनुमान है.

IMD ने तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान जताया है. इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 19 और 20 अक्टूबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है. वहीं, रायलसीमा में 20 अक्टूबर तक कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान दोनों क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है. तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा में 19 अक्टूबर तक तेज सतही हवाएं भी चल सकती हैं.

IMD ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना जताई है. इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, 21 और 22 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का भी अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक कई जगहों पर बारिश जारी रह सकती है. ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते हालात को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी जाती है.

IMD ने आने वाले दिनों में कर्नाटक और केरल के कई इलाकों में बारिश का अनुमान जताया है. तटीय कर्नाटक में भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है. वहीं, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 19 से 22 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 22 अक्टूबर तक कई इलाकों में बारिश जारी रह सकती है. वहीं, उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 19 और 20 अक्टूबर को कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है.

मौसम विभाग ने 19 अक्टूबर को उत्तराखंड में बारिश की संभावना जताई है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. लक्षद्वीप में 22 अक्टूबर तक कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है. वहीं, 19 अक्टूबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, लक्षद्वीप और कर्नाटक के तटीय व दक्षिणी आंतरिक इलाकों में अगले कुछ दिनों तक कई जगहों पर बारिश हो सकती है.

Share This Article