दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में ओलावृष्टि की चेतावनी, जानें अगले दिनों का मौसम – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला कल की तेज बारिश ने राजधानी के लोगों को ठंड का एहसास दिला दिया. इसी दौरान भारतीय मौसम विभाग IMD के अनुसार उत्तर-पूर्वी मानसून के आने के साथ प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. ऐसे में इन इलाके के लोग घरों से बाहर जाते वक्त सावधानी बरतें.

दिल्ली-NCR में कल की तेज बारिश ने ऐसा कहर मचाया की लोगों को ठंड का एहसास दिला दिया. इसी के चलते राजधानी के लोगों के मन में यह सवाल होगा की क्या आज भी ऐसा मौसम रहेगा, तो आपको बता दें कि आज आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिसके साथ आंधी या बिजली कड़कने के भी आसार हैं. इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 29°C से 31°C के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 18°C ​​से 20°C के बीच रह सकता है.

दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में अगले कई दिनों तक बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 15 से 19 अक्टूबर तक काफी व्यापक से व्यापक बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा 20 और 21 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.

केरल, माहे और लक्षद्वीप में 15 से 21 अक्टूबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी 15 से 21 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं, तटीय कर्नाटक में 16 से 21 अक्टूबर और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 17 से 20 अक्टूबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.

किन राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का खतरा?

बारिश के साथ दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम खराब रहने की आशंका है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 15 से 19 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की गति कुछ समय के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

उत्तर भारत में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 16 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में छिटपुट बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 16 से 17 अक्टूबर और उत्तराखंड में 16 से 18 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है.

इसके अलावा, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 16 अक्टूबर को, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 15 से 16 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है. हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 16 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है.

पश्चिमी और मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस सप्ताह पश्चिमी, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मौसम की स्थिति में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. हालांकि, कोंकण और गोवा में 15 से 16 अक्टूबर के दौरान गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है. तटीय कर्नाटक में भी 15 अक्टूबर को उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.

Share This Article