दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-बिजली के साथ 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD ने जारी की चेतावनी – एग्रीवेट

Team Agrivate
8 Min Read

एग्रीवेट: नवंबर का महीना चल रहा है और मौसम ने अपना रंग बदलना शुरु कर दिया है. पहाड़ी इलाकों में सुबह-शाम की ठंडी हवाओं ने लोगों को ठंड का एहसास दिला दिया है. अगर मैदानी इलाकों की बात करें तो सुबह थोड़ी गर्मी और शाम को ठंडी हवाएं तापमान में बदलाव देखने को मिल रहा है. भाारतीय मौसम विभाग IMD ने इस दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत कई राज्यों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी कर दिया है.

दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का सिलसिला रहेगा जारी

IMD के अनुसार, दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में अगले एक सप्ताह तक मौसम सक्रिय बना रह सकता है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 4 से 6 नवंबर और फिर 9 से 10 नवंबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, 7 और 8 नवंबर को इन क्षेत्रों में काफी व्यापक से लेकर व्यापक बारिश हो सकती है. इसके अलावा तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, लक्षद्वीप, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 4 से 10 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 4 और 5 नवंबर को बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बहुत भारी बारिश की चेतावनी

दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश के साथ मौसम ज्यादा खराब हो सकता है. IMD ने 4 से 5 नवंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है और इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जो बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तेलंगाना में भी कुछ स्थानों पर ऐसी ही मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में आंधी-बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग IMD के अनुसार केरल, माहे में 4 से 8 नवंबर के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी इस अवधि के दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.

वहीं, तटीय कर्नाटक में 4 और 5 नवंबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 4 से 6 नवंबर के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश

IMD के अनुसार दक्षिण भारत के अलावा मध्य भारत के कुछ राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. विदर्भ में 4 से 5 नवंबर और छत्तीसगढ़ में 4 से 6 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा दक्षिणी छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है.

ओडिशा, झारखंड और बंगाल में बारिश का पूर्वानुमान

पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है. IMD के अनुसार, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 4 से 7 नवंबर के दौरान बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. वहीं, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 8 से 10 नवंबर के बीच काफी व्यापक से व्यापक बारिश होने का अनुमान है.

झारखंड में 4 नवंबर और फिर 9 से 10 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 9 से 10 नवंबर के बीच बारिश होने की संभावना है. ओडिशा में 4 और 5 नवंबर को गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की गति बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.

उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?

MD के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में मौसम की स्थिति में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इन क्षेत्रों में फिलहाल कोई बड़ा मौसमी अलर्ट जारी नहीं किया गया है. कुल मिलाकर, 4 से 10 नवंबर के बीच दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का असर अधिक देखने को मिल सकता है. खासकर आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, दक्षिणी कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

Share This Article