एग्रीवेट: प्रधानमंत्री Fasal Bima Yojana: खेती में मेहनत करने के बाद भी किसानों को कई बार मौसम की मार झेलनी पड़ती है. कभी सूखा फसल खराब कर देता है, तो कभी ज्यादा बारिश और दूसरी प्राकृतिक आपदाओं से खेत में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचता है. ऐसे में किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) मददगार हो सकती है. खास बात यह है कि, इस योजना का लाभ लेने के लिए किसान का बैंक से खेती के लिए कर्ज लेना जरूरी नहीं है. यानी जो किसान बिना लोन लिए खेती करते हैं, वे भी अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं.
कई किसानों को लगता है कि फसल बीमा का लाभ सिर्फ उन्हीं किसानों को मिलता है, जिन्होंने बैंक से खेती के लिए कर्ज लिया हो. लेकिन प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत गैर-ऋणी किसान भी अपनी फसलों का बीमा करा सकते हैं. इसके लिए उन्हें तय प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करना होता है.
फसल का बीमा कराने से प्राकृतिक आपदाओं और योजना में शामिल दूसरे जोखिमों के कारण फसल को नुकसान होने पर आर्थिक मदद मिलने का रास्ता बन सकता है. हालांकि, मुआवजा मिलना नुकसान के प्रकार, बीमा की शर्तों और योजना के नियमों पर निर्भर करता है.
गैर-ऋणी किसानों के पास फसल बीमा कराने के लिए कई विकल्प हैं. किसान अपनी सुविधा के अनुसार इनमें से किसी एक जगह जाकर आवेदन कर सकते हैं.
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत गैर-ऋणी किसान भी अपनी फसलों का बीमा कराकर प्राकृतिक आपदाओं और अन्य जोखिमों से सुरक्षा प्राप्त कर सकते हैं।
आवेदन के लिए नजदीकी बैंक शाखा, CSC, PACS, अधिकृत बीमा एजेंट या आधिकारिक पोर्टल पर जाएं।
अधिक जानकारी के लिए किसान हेल्पलाइन 14447 पर कॉल करें।
#पीएमएफबीवाई #फसलबीमा #फसलबीमा #किसानकल्याण #एमपीएमएच
– प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (@pmfby) 21 अक्टूबर, 2026
फसल बीमा कराने से पहले किसानों को कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए. सबसे पहले यह पता कर लें कि, आपके जिले में कौन-सी फसल और क्षेत्र बीमा योजना के तहत शामिल हैं. हर फसल और मौसम के लिए आवेदन की आखिरी तारीख अलग हो सकती है. इसलिए समय रहते आवेदन करना जरूरी है.
आवेदन के दौरान आधार कार्ड या उससे जुड़ी जरूरी जानकारी, बैंक खाते का विवरण और जमीन या खेती से जुड़े दस्तावेज मांगे जा सकते हैं. किसान को अपनी बोई गई फसल और खेती से जुड़ी सही जानकारी देनी चाहिए. जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं होने पर आवेदन स्वीकार होने में परेशानी आ सकती है.
अगर किसान को फसल बीमा योजना के बारे में कोई जानकारी चाहिए या आवेदन करते समय परेशानी आ रही है, तो वे किसान हेल्पलाइन नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं. फसल को नुकसान होने की सूचना देने और शिकायत दर्ज कराने के लिए भी इस नंबर का इस्तेमाल किया जा सकता है.