Milk कीमत Hike: मध्य प्रदेश में दूध के दाम बढ़े, अब हरियाणा में भी बढ़ाने की तैयारी – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Milk कीमत Hike: त्योहारों से पहले दूध की कीमतों को लेकर मध्य प्रदेश और हरियाणा में हलचल बढ़ गई है. इंदौर दूध विक्रेता संघ ने 1 अक्टूबर यानी आज से दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं, जिसके बाद दुकान या डेयरी पर 68 रुपये लीटर मिलेगा. दूसरी ओर, हरियाणा में भी पशुपालक दूध के खरीद भाव बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. हरियाणा डेयरी फार्मर्स एसोसिएशन के नेता पोरस मेहला ने हरियाणा डेयरी विकास सहकारी संघ से किसानों को मिलने वाला दूध का खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग की है और इस संबंध में संघ को ज्ञापन भी भेजा है. वहीं, हरियाणा के कुछ पशुपालकों और किसानों ने 1 से 3 अक्टूबर तक दूध की सप्लाई बंद रखने का ऐलान किया है.

इंदौर में दूध के बिक्री भाव  के साथ किसानों से दूध खरीदने की कीमत भी बढ़ाई गई है. अब दूध उत्पादकों से 9.23 रुपये प्रति फैट के हिसाब से दूध खरीदा जाएगा, जबकि पहले यह भाव 8.90 रुपये प्रति फैट था. यानी किसानों को पहले के मुकाबले ज्यादा भुगतान मिलेगा. दूध उत्पादक किसान लंबे समय से खरीद भाव बढ़ाने की मांग कर रहे थे. हालांकि, उनकी मांग 12 रुपये प्रति फैट की है. फिलहाल इंदौर दूध विक्रेता संघ ने 9.23 रुपये प्रति फैट का भाव तय किया है. संघ के मुताबिक, दूध की खरीदी और बिक्री दोनों के दाम में बढ़ोतरी की गई है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इंदौर में अभी घर पर पहुंचने वाले दूध की कीमत  63 रुपये प्रति लीटर है. इसमें 62 रुपये दूध की कीमत और 1 रुपये सेवा शुल्क शामिल है. 1 अक्टूबर से इसकी कीमत बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर हो गई है. इसी तरह दुकान और डेयरी से मिलने वाला दूध अब 68 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. पहले इसका भाव 66 रुपये प्रति लीटर था. यानी यहां भी 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है. ये नए भाव 5.5 से 6 फैट वाले दूध के लिए तय किए गए हैं. इस बढ़ोतरी का असर परिवारों के महीने के बजट पर पड़ सकता है. रोज 2 लीटर दूध लेने वाले परिवार को करीब 120 रुपये महीने अतिरिक्त खर्च करने पड़ सकते हैं, जबकि रोज 5 लीटर दूध लेने पर यह अतिरिक्त खर्च करीब 300 रुपये महीना हो सकता है.

हरियाणा में दूध के खरीद भाव बढ़ाने की मांग को लेकर पशुपालक संगठन  सक्रिय हैं. हरियाणा डेयरी फार्मर्स एसोसिएशन के नेता पोरस मेहला ने हरियाणा डेयरी विकास सहकारी संघ से किसानों को मिलने वाले दूध के दाम बढ़ाने की मांग की है. उन्होंने बताया कि गाय के दूध का मौजूदा भाव 37 से 38 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 50 रुपये और भैंस के दूध का भाव 70 से 72 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति लीटर करने की मांग रखी है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दूध की खरीद और बिक्री कीमतों को लेकर हरियाणा के फरीदाबाद के सिरसा में हुई महापंचायत के बाद किसानों और पशुपालकों ने 1 से 3 अक्टूबर तक दूध की सप्लाई रोकने का ऐलान किया है. आंदोलन के तहत किसान वीटा मिल्क प्लांट के गेट पर धरना देकर दूध की सप्लाई रोकने की तैयारी में हैं. पशुपालक लंबे समय से दूध के उचित खरीद भाव की मांग कर रहे हैं. उनके मुताबिक, बढ़ती लागत को देखते हुए मौजूदा भाव में बदलाव जरूरी है.

इंदौर दूध विक्रेता संघ के अध्यक्ष भरत मथुरावाला के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि बारिश की कमी से चारे का संकट गहरा गया है. खली, भूसे जैसे पशु आहार के दाम और बढ़ते हैं, तो दूध की कीमतों पर दोबारा विचार किया जा सकता है. फिलहाल इंदौर में दूध महंगा हो चुका है, जबकि हरियाणा में दूध के खरीद भाव बढ़ाने की मांग के चलते पशुपालकों का आंदोलन सामने आया है. ऐसे में आने वाले दिनों में दूध की कीमतों और सप्लाई पर उपभोक्ताओं की नजर बनी रहेगी.

Share This Article