UP Chunav: किसानों पर अखिलेश का बड़ा दांव, मुफ्त सिंचाई से 48 घंटे में भुगतान तक.. किए ये वादे – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: UP Chunav 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले किसानों को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गई है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों से बातचीत के दौरान सरकार बनने पर कई सुविधाएं देने का वादा किया. इनमें मुफ्त सिंचाई, किसानों का बकाया 24 से 48 घंटे में चुकाने और बड़े स्तर पर डेयरी सुविधाएं शुरू करने जैसे ऐलान शामिल हैं. अखिलेश यादव ने किसानों की बढ़ती लागत का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि खेती में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी और रोजमर्रा की जरूरी चीजें महंगी हो गई हैं, जबकि किसानों को उनकी मेहनत के हिसाब से पर्याप्त फायदा नहीं मिल रहा है.

अखिलेश यादव ने कहा कि, अगर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो किसानों को सिंचाई की सुविधा मुफ्त दी जाएगी. इसके साथ ही किसानों के बकाया भुगतान को 24 से 48 घंटे के भीतर पूरा करने की व्यवस्था करने की बात कही. किसानों के लिए समय पर भुगतान एक अहम मुद्दा रहा है. इससे पहले भी अखिलेश यादव गन्ना किसानों को बिक्री के 24 घंटे के भीतर भुगतान का वादा कर चुके हैं. सितंबर में किसानों से बातचीत के दौरान उन्होंने खाद, बीज, पानी और बिजली की बेहतर व्यवस्था की बात भी कही थी.

अखिलेश यादव ने खेती के साथ किसानों की दूसरी कमाई बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर डेयरी सुविधाएं विकसित करने का भी वादा किया. उनका कहना है कि खेती के साथ पशुपालन और दूध का कारोबार किसानों की आमदनी का एक अतिरिक्त जरिया बन सकता है. इससे पहले भी उन्होंने कन्नौज में गाय के दूध की खरीद से जुड़ी योजना की बात कही थी. सितंबर में उन्होंने कहा था कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर काऊ मिल्क प्लांट के जरिए दूध खरीद की व्यवस्था की जाएगी और किसानों को बाजार भाव से ज्यादा कीमत देने की बात कही थी.

किसानों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने की व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि एथेनॉल मिश्रण से होने वाला फायदा किसानों तक पर्याप्त रूप से नहीं पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि एक तरफ एथेनॉल से जुड़े कारोबार में फायदा हो रहा है, लेकिन दूसरी तरफ किसान आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं. यह उनका राजनीतिक आरोप है.

अखिलेश यादव ने राज्य में बिजली उत्पादन और बिजली परियोजनाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली समाजवादी पार्टी सरकार के समय शुरू हुई कुछ परियोजनाएं अब तक पूरी नहीं हुई हैं. उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने से ही गांवों और पूरी अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. उनके मुताबिक समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गांवों के विकास और ग्रामीण ढांचे को प्राथमिकता दी जाएगी.

Share This Article