एग्रीवेट: देश के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती प्रणालियों के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, मंगलवार यानी 13 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश हो सकती है. वहीं, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है. आइए जानते हैं, 13 अक्टूबर को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम कैसा रहेगा.
उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, 13 अक्टूबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब के कुछ इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने का भी अनुमान है. वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और राजस्थान के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
13 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम बदलने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कुछ जगहों पर आंधी चलने और बिजली चमकने की संभावना है. इसके अलावा, तटीय आंध्र प्रदेश के मैदानी इलाकों में दिनभर तेज सतही हवाएं चल सकती हैं. पश्चिम भारत के कोंकण और गोवा में 13 अक्टूबर को गर्मी और उमस बनी रह सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, इन इलाकों में लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. वहीं, समुद्र में जाने को लेकर मछुआरों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
राजस्थान के कई जिलों में नए मौसमी सिस्टम के असर से बारिश हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और राज्य के उत्तरी हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों तक कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, 13 और 14 अक्टूबर को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने का भी अनुमान है.
तमिलनाडु के कई जिलों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, नीलगिरि, कोयंबटूर, इरोड, कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी, तेनकासी, मदुरै, शिवगंगा, सलेम और तिरुप्पुर जिलों में बारिश हो सकती है. वहीं, तमिलनाडु के अन्य हिस्सों के अलावा पुडुचेरी और कराईकल में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी है.