एग्रीवेट: 10 अक्टूबर 2026, ग्वालियर: ग्वालियर : कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव ने किया उद्यानिकी गतिविधियों का निरीक्षण – मध्यप्रदेश शासन के कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव उद्यानिकी श्री के.सी. गुप्ता ने शुक्रवार को ग्वालियर जिले का भ्रमण कर विभिन्न उद्यानिकी गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों द्वारा आधुनिक तकनीक से की जा रही खेती, फसल उत्पादन, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग एवं पैकिंग कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने जिले में संचालित उद्यानिकी गतिविधियों की सराहना करते हुए उत्पादन एवं गुणवत्ता बढ़ाने तथा किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान श्री गुप्ता ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के अंतर्गत श्री धर्मेन्द्र राणा की 12 लाख रुपये की स्वीकृत तेल मिल इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने इकाई में तेल के उत्पादन, पैकिंग, वर्षभर में होने वाले उत्पादन तथा प्राप्त लाभ के संबंध में जानकारी ली। साथ ही उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता में वृद्धि के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम वरई में कृषक श्री रजनीश पाण्डेय के खेतों का निरीक्षण किया। यहां ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग तकनीक से पांच-पांच बीघा क्षेत्र में गुलाब, मिर्च तथा टमाटर की खेती की जा रही है। इसके अलावा प्याज एवं ग्लेडियोलस के उत्पादन का भी अवलोकन किया। श्री गुप्ता ने कृषक द्वारा अपनाई जा रही तकनीकी एवं किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। फसलों में दिखाई दे रही बीमारियों के नियंत्रण के लिए उपयुक्त दवाओं के छिड़काव की सलाह दी। उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को किसानों को उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।
आधुनिक तकनीक से की जा रही खेती का लिया जायजा- भ्रमण के अगले चरण में श्री गुप्ता ने ग्राम दोरार में कृषक श्री बाईसराम धाकड़, श्री पंकज चौधरी एवं श्री सिद्धार्थ बघेल के खेतों का निरीक्षण किया। यहां ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग तकनीक से उगाई जा रही मिर्च की फसल का अवलोकन किया। इसके पश्चात ग्राम सहसारी में कृषक श्री राधाकृष्ण धाकड़ एवं श्री करन सिंह धाकड़ के खेतों में पहुंचकर मिर्च, फूलगोभी, करेला एवं बैंगन सहित अन्य सब्जियों की फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बाजार में विक्रय के लिए तैयार फसलों की ग्रेडिंग एवं पैकिंग की प्रक्रिया भी देखी। इस दौरान किसानों से खेती में आ रही समस्याओं तथा फसलों में लगने वाले रोगों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों को समय पर उचित दवाएं उपलब्ध कराने और आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए।
किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से करें निराकरण – श्री गुप्ता ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे संबंधित किसानों के खेतों का अलग से भ्रमण कर उनकी समस्याओं को समझें और उनका तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उन्हें तत्काल हल किया जाए तथा जिन मामलों में भोपाल स्तर से कार्रवाई आवश्यक हो, उनकी जानकारी उन्हें उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय पर उचित बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया जा सके। भ्रमण के दौरान संयुक्त संचालक उद्यान, ग्वालियर एवं चंबल संभाग श्री अरुण कुमार गोयल, सहायक संचालक उद्यान ग्वालियर श्री एम.पी.एस. बुंदेला, कार्यालय संयुक्त संचालक उद्यान के श्री राजकुमार मिथोरिया तथा घाटीगांव के प्रभारी वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी श्री दिनेश सिंह धाकड़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।