मॉनसून की विदाई धीमी, कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट.. आज मौसम बिगड़ने के आसार, इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी उम्मीद से पहले शुरू हो गई है, लेकिन नए मौसम सिस्टम के चलते इसके देश से पूरी तरह विदा होने में अभी समय लग सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 8 अक्टूबर यानी गुरुवार को कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ दिनों तक मौसम का यह असर बना रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, ऊपरी अक्षांशों में कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं. इनके प्रभाव से पाकिस्तान, बंगाल की खाड़ी और बिहार-झारखंड के कुछ हिस्सों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. ये मौसम सिस्टम अरब सागर और बंगाल की खाड़ी, दोनों से नमी खींच रहे हैं. इसके अलावा, हरियाणा से लेकर गंगीय पश्चिम बंगाल तक एक ट्रफ बनी हुई है. इसके प्रभाव से गंगा के मैदानी इलाकों में हवा ऊपर उठ रही है और बादल बन रहे हैं. इससे आने वाले दिनों में कई इलाकों में बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है.

आईएमडी का कहना है कि उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में बारिश होने की संभावना है. मौसम का यह असर करीब 12 अक्टूबर तक बना रह सकता है. चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने के आसार हैं. इसके अलावा झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है. बिहार में कुछ जगहों पर हल्की और छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है.

ओडिशा में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. दक्षिण भारत में मॉनसून अभी सक्रिय है. इसके चलते आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है. पूर्वोत्तर भारत में भी अच्छी बारिश जारी रहने के आसार हैं. वहीं, गुजरात, मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों और महाराष्ट्र में मौसम मुख्य रूप से गर्म और शुष्क रह सकता है. हालांकि, दक्षिणी महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों के साथ तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं. वहीं, दिल्ली-NCR में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. तापमान 22 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. IMD ने दिल्ली में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.

मौसम विभाग के मुताबिक, 9 अक्टूबर तक बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. वहीं, हरियाणा में आज कुछ जगहों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. हालांकि, पूरे राज्य में बारिश होने का अनुमान नहीं है. कुछ इलाकों में अचानक तेज बारिश हो सकती है. बिहार में भी आज गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. कई इलाकों में मौसम अस्थिर रह सकता है. आईएमडी का कहना है कि बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 8 अक्टूबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.

राजस्थान में भी आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है. 11 और 12 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर-पश्चिमी जिलों में बादल छाने की संभावना है. इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.

Share This Article