26 नवंबर को देशभर में प्रदर्शन करेंगे किसान, MSP गारंटी और कर्ज माफी समेत रखेंगे ये मांगें – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: Farmers Protest: देशभर के किसान एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं. संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने 26 नवंबर को देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है. इसके तहत देशभर में करीब 100 जगहों पर किसान इकट्ठा होकर विरोध जताएंगे. साथ ही जिला कलेक्टरों के जरिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे.

यह प्रदर्शन 2020-21 में हुए किसान आंदोलन के छह साल पूरे होने के मौके पर किया जा रहा है. किसान संगठनों का कहना है कि, केंद्र सरकार ने आंदोलन खत्म कराते समय 9 दिसंबर 2021 को जो लिखित भरोसा दिया था, उसे अब तक पूरी तरह पूरा नहीं किया गया है.

SKM के कार्यक्रम के मुताबिक, दिल्ली में किसान मंदिर मार्ग से जंतर-मंतर तक मार्च निकालेंगे. वहीं, हरियाणा के किसान बहादुरगढ़ में इकट्ठा होकर टिकरी बॉर्डर की ओर बढ़ेंगे. इसके अलावा देश के अलग-अलग जिलों में भी प्रदर्शन होंगे. किसान संगठनों ने इसके लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं.

किसानों की सबसे बड़ी मांग सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने की है. SKM चाहता है कि, किसानों को स्वामीनाथन आयोग के C2+50 फीसदी फॉर्मूले के हिसाब से फसल का दाम मिले. आसान भाषा में समझें तो खेती की पूरी लागत निकालने के बाद उस पर 50 फीसदी अतिरिक्त रकम जोड़कर MSP तय किया जाए. इसमें जमीन का किराया और अपनी पूंजी पर लगने वाला ब्याज भी शामिल होता है.

इसके अलावा किसानों और खेत मजदूरों का पूरा कर्ज माफ करने, चारों नए श्रम कानूनों को वापस लेने और बिजली के निजीकरण से जुड़े फैसलों को रद्द करने की मांग की गई है. बीजों से जुड़े कानून और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून में किए गए बदलावों को वापस लेने की मांग भी शामिल है.

किसान संगठन प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का भी विरोध कर रहे हैं. भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेता युद्धवीर सिंह का कहना है कि भारत के ज्यादातर किसानों के पास बहुत कम जमीन है. ऐसे में उनके लिए अमेरिका के बड़े किसानों और कृषि उत्पादकों से मुकाबला करना आसान नहीं होगा. उनका दावा है कि, इस समझौते से विदेशी कृषि उत्पादों का आयात बढ़ सकता है, जिससे भारतीय किसानों को अपनी फसल बेचने में परेशानी होगी.

किसान संगठनों ने खेत मजदूरों और ग्रामीण परिवारों के लिए भी कई मांगें रखी हैं. इनमें मनरेगा को पहले की तरह पूरी तरह लागू करना, साल में 200 दिन काम देना और रोजाना 700 रुपये मजदूरी तय करना शामिल है. इसके अलावा सभी मजदूरों के लिए कम से कम 42,000 रुपये मासिक वेतन और 60 साल से ज्यादा उम्र के किसानों व खेत मजदूरों को हर महीने 21,000 रुपये पेंशन देने की मांग की गई है.

SKM ने किसानों और खेत मजदूरों के परिवारों के लिए मुफ्त इलाज और बीमा की मांग भी उठाई है. वहीं, खेती में सूखा, बाढ़ और दूसरी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए बेहतर व्यवस्था बनाने की बात कही है.

ज्ञापन में किसानों की जमीन जबरन लेने और कंपनियों के लिए बड़े पैमाने पर जमीन इकट्ठा करने की प्रक्रिया रोकने की मांग की गई है. किसान संगठनों का कहना है कि जिस जमीन का अधिग्रहण किया गया है, लेकिन उसका इस्तेमाल नहीं हुआ, उसे किसानों को वापस किया जाना चाहिए.

इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जगह सरकारी फसल और पशुधन बीमा निगम बनाने की मांग की गई है. SKM ने किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले 736 किसानों की याद में सिंघु बॉर्डर पर स्मारक बनाने के लिए जमीन देने की मांग भी उठाई है.

Share This Article