mal Care: पशु नहीं होंगे बीमार, कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों को बताए स्वस्थ रखने के आसान उपाय – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: पशुपालन से जुड़े किसानों के लिए पशुओं की सेहत का ध्यान रखना उतना ही जरूरी है, जितना उनकी अच्छी नस्ल और दूध उत्पादन पर ध्यान देना. पशुओं को समय पर चारा और पोषण नहीं मिलने से उनकी सेहत प्रभावित हो सकती है. वहीं, शरीर पर किलनी, मक्खियों और मच्छरों का प्रकोप भी कई तरह की परेशानियां पैदा कर सकता है. इसे देखते हुए गुजरात के जूनागढ़ कृषि विश्वविद्यालय और भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पशुपालकों के लिए जरूरी सलाह जारी की है. इसमें पशुओं को किलनी से बचाने, नियमित कृमिनाशक दवा देने, संतुलित आहार उपलब्ध कराने और पशुशाला की साफ-सफाई रखने पर विशेष जोर दिया गया है. सलाह में दुधारू पशुओं के लिए दूध उत्पादन के हिसाब से पशु आहार और मिनरल मिक्सचर देने का तरीका भी बताया गया है.

जूनागढ़ कृषि विश्वविद्यालय के मुख्य शुष्क खेती अनुसंधान केंद्र (DFRS), टारघड़िया और भारत मौसम विज्ञान विभाग  की ओर से जारी कृषि मौसम सलाह बुलेटिन में पशुओं को किलनी से बचाने की सलाह दी गई है. इसके लिए पशुपालक डेल्टामेथ्रिन (Deltamethrin) या अमितराज (Amitraz) का इस्तेमाल कर सकते हैं. सलाह के मुताबिक, 2 मिलीलीटर दवा को एक लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करना चाहिए. इससे पशुओं में किलनी के नियंत्रण में मदद मिल सकती है. पशुपालकों को पशुओं के शरीर पर नियमित नजर रखने और समय रहते जरूरी उपाय करने की सलाह दी गई है.

पशुओं को स्वस्थ रखने  के लिए केवल अच्छा चारा देना ही पर्याप्त नहीं है. उन्हें समय-समय पर कृमिनाशक दवा (Deworming) देना भी जरूरी है. कृषि विश्वविद्यालय ने पशुओं में प्रोटोजोआ से होने वाली बीमारियों का मूल्यांकन कराने और बीमारी मिलने पर उसका उचित उपचार करने की सलाह दी है. इसके अलावा अलग-अलग बीमारियों से बचाव के लिए पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है. बुलेटिन में खासतौर पर बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण पर ध्यान देने की बात कही गई है.

पशुओं की अच्छी सेहत और पोषण के लिए उनके आहार में सूखे और हरे चारे का संतुलन बनाए रखना जरूरी है. कृषि विश्वविद्यालय की सलाह के मुताबिक, एक पशु को रोजाना 6 से 8 किलो अच्छी गुणवत्ता वाला सूखा चारा और 15 से 20 किलो हरा चारा देना चाहिए. इसके साथ पशुओं को हरी घास, सूखी घास, खनिज तत्व और सूखा पशु आहार मिलाकर खिलाने की सलाह दी गई है. संतुलित आहार से पशुओं की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है.

दुधारू पशुओं  के लिए कृषि विश्वविद्यालय ने दूध उत्पादन के आधार पर आहार देने का तरीका बताया है. सलाह के मुताबिक, पशु जितना दूध देता है, उसके हिसाब से हर 2 लीटर दूध उत्पादन पर 1 किलो पशु आहार और 50 ग्राम मिनरल मिक्सचर देना चाहिए. यानी पशुपालकों को पशुओं की दूध देने की क्षमता के अनुसार उनका आहार तय करना चाहिए. इसके अलावा पशुशाला में मक्खियों और मच्छरों से बचाव के लिए फिनाइल का छिड़काव करने की सलाह दी गई है. इससे पशुशाला में साफ-सफाई बनाए रखने और मक्खियों-मच्छरों की परेशानी कम करने में मदद मिलेगी.

Share This Article