एग्रीवेट: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. कॉजपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया है. पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. इसके बावजूद प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए नई दिल्ली जिले में बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती और यातायात नियंत्रण की तैयारी की गई है. जबकि, मेट्रो के 57 स्टेशन बंद रहने और नई दिल्ली, निजामुद्दीन स्टेशन से चलने वाली कुछ ट्रेनों को भी रद्द किया गया है. वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने मेट्रो स्टेशन बंद करने और रेलगाड़ियां रद्द किए जाने के प्रस्तावित कदम के खिलाफ दायर याचिका का उच्चतम न्यायालय में उल्लेख किया है.
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से एक दिन पहले, पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को केंद्र सरकार की निशाना साधते हुए तीखा हमला बोला और कहा कि अगर सरकार युवाओं से डरी हुई है तो उसे पूरे देश को बंद कर देना चाहिए. दीपके का यह बयान 10 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी आने-जाने वाली कुछ ट्रेनों को रद्द किए जाने के बीच आया है. दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए सरकार की अनुमति की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि यह प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थान है. दीपके ने कहा कि अगर आप युवाओं से डरे हुए हैं तो पूरे देश को बंद कर दीजिए.
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर, जनपथ और टॉल्स्टॉय मार्ग समेत संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई है. पुलिस की योजना में 37 अवरोधक बिंदु (ब्लॉकिंग पॉइंट) और 15 हिरासत केंद्र बनाए रखना शामिल है. अलग-अलग जिलों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की योजना भी तैयार की गई है. नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू हैं. पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन की सूचना निर्धारित समय से काफी देर से दी गई और पहले के प्रदर्शन में दिए गए निर्देशों का भी पालन नहीं हुआ था। नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) को 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने और प्रभावित स्टेशनों से गुजरने वाली मेट्रो की फ्रीक्वेंसी कम करने का अनुरोध किया है. यह प्रतिबंध 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से शुरू होकर 10 अक्टूबर को स्थिति सामान्य होने तक प्रस्तावित है. इसमें राजीव चौक, नई दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक, जनपथ, सुप्रीम कोर्ट, आईटीओ, कश्मीरी गेट, मंडी हाउस और खान मार्केट जैसे स्टेशन शामिल हैं.
रेलवे ने 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है, जो निर्धारित शर्तों के दायरे में आती हैं. आदेश के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली और अगले दिन सुबह 4 से दोपहर 2 बजे के बीच इन दोनों स्टेशनों पर पहुंचने वाली ट्रेनें अपने शुरुआती स्टेशन से ही रद्द रहेंगी.
प्रमुख रद्द ट्रेनों में पटना से दिल्ली आने-जाने वाली चार जोड़ी ट्रेनें (संपूर्ण क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस और तेजस राजधानी एक्सप्रेस सहित) रद्द कर दी गई हैं. इसके अलावा हावड़ा–नई दिल्ली और सियालदह–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (9 अक्टूबर को रवाना होने वाली) भी प्रभावित/रद्द हुई हैं.
10 अक्टूबर को दिल्ली आने या दिल्ली के भीतर यात्रा करने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले मेट्रो और ट्रेन की ताजा स्थिति जांचनी चाहिए. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन के आसपास सड़क जाम और यातायात प्रतिबंधों की आशंका है. मेट्रो के प्रभावित स्टेशनों पर प्रवेश-निकास में बदलाव होने से यात्रियों को वैकल्पिक स्टेशन या परिवहन का इस्तेमाल करना पड़ सकता है. रेलवे की ओर से रद्द की गई ट्रेनों के यात्रियों को अपनी टिकट और यात्रा संबंधी विकल्पों की जानकारी भी समय रहते ले लेनी चाहिए.