एग्रीवेट: 07 अक्टूबर 2026, कटनी: कटनी के किसान सीखेंगे स्ट्रॉबेरी और ड्रैगन फ्रूट की खेती, प्रशिक्षण के लिए सिवनी-छिंदवाड़ा रवाना – मध्यप्रदेश के कटनी जिले के 30 किसान स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट सहित अन्य उन्नत उद्यानिकी फसलों की खेती की तकनीक सीखने के लिए तीन दिवसीय कृषि प्रशिक्षण सह भ्रमण पर सिवनी और छिंदवाड़ा रवाना हुए। किसानों की आय में वृद्धि और उद्यानिकी फसलों के क्षेत्र विस्तार के उद्देश्य से उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा राज्य पोषित योजनांतर्गत यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने मंगलवार को हरी झंडी दिखाकर किसानों के दल को रवाना किया।
भ्रमण के दौरान किसान कृषि विज्ञान केंद्र सिवनी एवं छिंदवाड़ा में उन्नतशील किसानों के खेतों तथा आधुनिक एवं संरक्षित खेती के फार्मों का प्रत्यक्ष अवलोकन करेंगे। कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवीन कृषि पद्धतियों एवं वैज्ञानिक खेती के संबंध में प्रशिक्षण और उपयोगी जानकारी प्रदान की जाएगी।
स्ट्रॉबेरी और ड्रैगन फ्रूट की खेती की तकनीक सीखेंगेकिसानों को स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट सहित अन्य उन्नत उद्यानिकी फसलों की खेती की तकनीक, उत्पादन एवं प्रबंधन की जानकारी प्रत्यक्ष रूप से दी जाएगी। इसके साथ ही किसान संरक्षित खेती, कृषि नवाचार और आधुनिक तकनीकों के प्रयोग की जानकारी भी प्राप्त करेंगे।
इस प्रशिक्षण सह भ्रमण का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़कर उद्यानिकी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से किसान नई तकनीकों को अपनाकर उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के साथ अपनी आय में भी वृद्धि कर सकेंगे।