एग्रीवेट: 07 अक्टूबर 2026, कटनी: कटनी: कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए किसान पंजीयन शुरू, फसल की गिरदावरी कराने की अपील – खरीफ वर्ष 2026 में कोदो-कुटकी के उपार्जन के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर किसान पंजीयन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। मध्यप्रदेश किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने कोदो-कुटकी की बोनी करने वाले किसानों से समय पर अपनी फसल की गिरदावरी कराने की अपील की है, ताकि वे ई-उपार्जन पोर्टल पर अपनी उपज का पंजीयन करा सकें और उचित मूल्य प्राप्त कर सकें।
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने बताया कि शासन द्वारा खरीफ वर्ष 2026 में ई-उपार्जन पोर्टल पर कोदो एवं कुटकी के उपार्जन के लिए कृषक पंजीयन के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत कटनी जिले का चयन कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए किया गया है। जिले में पिछले वर्षों में भी कोदो-कुटकी का उपार्जन किया जाता रहा है।
कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर किसानों का पंजीयन 5 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। कृषि विभाग ने उन किसानों से अपील की है, जिन्होंने अपने खेतों में कोदो अथवा कुटकी की बोनी की है, वे संबंधित हल्का पटवारी के माध्यम से अपनी फसल की गिरदावरी अवश्य कराएं। गिरदावरी दर्ज होने के बाद किसान कोदो-कुटकी फसल का पंजीयन करा सकेंगे। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी उपज का उपार्जन कराया जा सकेगा। विभाग ने किसानों से समय-सीमा का ध्यान रखते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।