एग्रीवेट: प्रधानमंत्री Awas Yojana: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंध्रप्रदेश के ग्रामीण परिवारों को 3 लाख पीएम आवास योजना के तहत पक्के मकानों की चाबियां सौंप दी हैं. इसके साथ ही उन्होंने देश की पहली 3D कंक्रीट प्रिंटिंग हाउसिंग परियोजना का भी शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि ’अन्नदाता सुखी भव’ योजना के जरिए आंध्र सरकार ने किसानों को सालाना 14 हजार और पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए 6 हजार दिए गए हैं, यानी किसानों को सालाना कुल मिलाकर 20 हजार रुपये दिए गए. मोदी-नायडू सरकार किसानों और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है. उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर को दिल्ली से बाहर पहली बार आंध्र में राष्ट्रीय ‘सरस मेला’ का आयोजन होगा और राष्ट्रपति दीदियों के महाकुंभ का आगाज करेंगी.
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को गुंटूर जिले के बुर्रीपालेम गांव में राज्य को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण 2.0) योजना के तहत 3,600 करोड़ रुपए की लागत से 3 लाख पक्के आवासों की बड़ी सौगात सौंपी. इसके अलावा 14 करोड़ रु. की लागत से बनने वाली देश की पहली 3D कंक्रीट प्रिंटिंग तकनीक से बनने वाली 177 पायलट आवास परियोजना की नींव रखी. उन्होंने कहा कि मशीनरी और उन्नत तकनीक के माध्यम से ये घर मात्र 6 महीने में बनकर तैयार होंगे, जिनकी मजबूती और उम्र पारंपरिक मकानों से कहीं अधिक होगी.
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारे मंत्रालय के अधिकारियों ने मुझे आंध्र प्रदेश के लिए केवल 76,000 आवासों का कोटा बताया था. लेकिन मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि मुझे अपने राज्य के प्रत्येक गरीब का सपना पूरा करना है, हमें और मकान चाहिए. हमने 76 हजार नहीं, सीधे 3 लाख पक्के मकानों की पहली किस्त आंध्र को सौंप दी है. इसके अलावा उन्होंने 3 लाख और मकान देने का वादा किया.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही 6,000 रुपये की पीएम-किसान सम्मान निधि में मुख्यमंत्री नायडू ने ‘अन्नदाता सुखी भव’ के 14,000 रुपये जोड़कर किसानों को सालाना 20,000 रुपये की ऐतिहासिक आर्थिक मदद दी है. उन्होंने कहा कि आंध्र को देश का सबसे बड़ा फल, फूल, सब्जी और औषधीय खेती का हॉर्टिकल्चर हब बनाया जाएगा. स्वयं सहायता समूहों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में 23 लाख बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं, जिसे एनडीए सरकार 60 लाख तक पहुंचाएगी. उन्होंने ऐलान किया कि देश के इतिहास में पहली बार दिल्ली से बाहर राष्ट्रीय ‘सरस मेला’ 15 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश में आयोजित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ स्वयं राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी करेंगी.
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि शिवराज जी केवल मध्य प्रदेश के ही नहीं, बल्कि समूचे आंध्र प्रदेश के भी चहेते और लाड़ले ‘मामा’ हैं. उन्होंने कहा कि आज जैसे ही हमने राज्य के गरीबों के पक्के आशियाने का विषय उनके समक्ष रखा, उन्होंने महज 75,000 की जगह एक झटके में 3 लाख मकानों की स्वीकृति देकर आंध्र की जनता का दिल जीत लिया. मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के निरंतर सहयोग से आंध्र प्रदेश बुनियादी ढांचे, कृषि, आधुनिक तकनीक और ग्रामीण विकास के हर मोर्चे पर देश का नंबर-1 राज्य बनकर उभरेगा.