गांव में सरसों तेल मिल लगाकर 15 लोगों को दे रहे रोजगार, कमाई 30 लाख के पार पहुंची—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: खेती से गुजारा करने वाले मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रविकांत यादव ने प्रधानमंत्री रोजगार योजना का लाभ लेकर अपनी आर्थिक स्थिति बेहतर करने में कामयाबी हासिल की है. एक ऐसा भी समय था कि उन्हें तंगी के चलते 10वीं के बाद पढ़ाई छोडनी पड़ी थी. लेकिन, अब उन्होंने गांव में सरसों तेल मिल लगाकर स्वरोजगार को अपनाया और 15 अन्य लोगों को भी रोजगार दे रहे हैं. उनका कुल कारोबार 30 लाख रुपये के पार पहुंच गया है.

मध्य प्रदेश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग (MSME) विभाग के अनुसार ग्वालियर जिले में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (DIC) के जरिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) योजना का संचालन किया जा रहा है. इस योजना का लाभ लेकर ग्वालियर जिले की पंचायत मुरार के ग्राम सौंसा निवासी रविकांत यादव ने खुद का कारोबार शुरू किया. उन्होंने योजना के तहत ट्रेनिंग ली और सरसों तेल पेराई कारखाना लगाने के लिए विभाग की ओर से 25 लाख रुपये का लोन अलग-अलग किस्तों में मिला. इसमें उन्हें 9 लाख रुपये की छूट भी मिली.

कभी सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी के कारण रविकांत यादव को दसवीं के बाद पढ़ाई छोड़नी पड़ी थी. अब वह 15 से अधिक परिवारों की रोजी-रोटी का सहारा बन चुके हैं. उन्होंने यह साबित करके दिखाया है कि सरकारी योजनाओं का सही उपयोग करें तो परिस्थितियां बदलते देर नहीं लगती. खेती से जुड़े साधारण परिवार में जन्मे रविकांत के सामने जब आर्थिक चुनौतियां आईं, तो उन्होंने हार मानने के बजाय अपने लिए खुद का रोजगार खड़ा करने की ठानी और खुद को सफल बनाया.

सेवा-संकल्प अभियान के तहत ग्राम सुपावली में जिला स्तरीय शिविर में रविकांत यादव ने अपनी आत्मनिर्भरता का सफर साझा किया.

जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ग्वालियर के अधिकारियों के मार्गदर्शन में रविकांत ने सरसों तेल मिल स्थापित की. वित्तीय सहायता मिलने से उन्होंने अपने गांव सौंसा में ही तेल पेराई कारखाना खो दिया है. उन्होंने कई पेराई मशीनें लगाई हैं, जिससे रोजाना कई क्विंटल तेल पेराई किया जाता है. उनके पेराई कारखाने का मासिक कारोबार 30 लाख रुपये से अधिक तक पहुंच चुका है. रविकांत यादव ने सेवा-संकल्प अभियान और मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत ग्राम सुपावली में जिला स्तरीय शिविर में अपनी आत्मनिर्भरता का सफर साझा किया.

रविकांत यादव कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शुरू की गई पीएमईजीपी योजना ने हम जैसे युवाओं के लिए उद्यम शुरू करने का रास्ता आसान बना दिया है. मुझे खुशी है कि मेरे उद्योग से दूसरों को भी रोजगार मिल रहा है.

Share This Article