एग्रीवेट: 01 अक्टूबर 2026, मुंबई: एरिस एग्रो ने गुजरात में नई इकाई के साथ विनिर्माण क्षमता बढ़ाकर 1,01,400 मीट्रिक टन की – एरिस एग्रो लिमिटेड (Aries Agro Limited) ने गुजरात के सयाखा में 6,000 मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता वाली नई विनिर्माण इकाई शुरू करने के साथ भारत में अपनी कुल वार्षिक विनिर्माण क्षमता बढ़ाकर 1,01,400 मीट्रिक टन कर ली है। कंपनी ने 30 सितंबर को आयोजित अपनी वार्षिक आम बैठक (AGM) में विनिर्माण विस्तार, वितरण नेटवर्क, तकनीकी पहलों और किसान-केंद्रित कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
वित्त वर्ष के दौरान कंपनी ने अपने डिपो नेटवर्क का भी विस्तार किया और इसकी संख्या बढ़ाकर 30 स्थानों तक पहुंचाई। इसके साथ ही विजयवाड़ा और नासिक स्थित विनिर्माण इकाइयों में स्वचालन को मजबूत किया गया है।
कंपनी ने कृषि क्षेत्र की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अपने उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार भी जारी रखा। वर्ष के दौरान एरिस ट्रिलियन, एरिस सिलिका और एग्रोमिन मैक्स एचडी सहित कई नए उत्पाद पेश किए गए। कृषि उपकरणों के क्षेत्र में एरिस सुरक्षा और एरिस ट्रैप एक्स जैसे समाधान जोड़े गए। कंपनी ने एरिस सॉयल रैप तकनीक को भी आगे बढ़ाया।
किसानों के साथ जुड़ाव को मजबूत करने के लिए कंपनी ने डिजिटल तकनीकों का भी विस्तार किया। इनमें एरिस एवरीवेयर ऐप, जीएस1 क्यूआर आधारित ट्रैक एंड ट्रेस, एआईएमएस (AIMS) तथा डिजिटल मृदा परीक्षण और सिफारिश प्रणाली शामिल हैं। इन पहलों का उद्देश्य कृषि उत्पादों और तकनीकी सिफारिशों तक किसानों की पहुंच को आसान बनाने के साथ उत्पादों की ट्रेसबिलिटी और पारदर्शिता को मजबूत करना है।
किसान जागरूकता कार्यक्रम भी कंपनी की प्रमुख पहलों में शामिल रहे। पिछले वर्ष एरिस एग्रो ने 3,958 किसान जागरूकता बैठकों के माध्यम से 54,948 किसानों तक पहुंच बनाई। इन कार्यक्रमों में वैज्ञानिक खेती, संतुलित पौध पोषण और नई कृषि तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई।
कंपनी की वित्त वर्ष 2025-26 की वित्तीय रिपोर्ट के अनुसार, एरिस एग्रो का सकल राजस्व 17.87% बढ़कर ₹917.64 करोड़ हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह ₹778.55 करोड़ था। कंपनी की सहायक कंपनियों ने भी वृद्धि दर्ज की। मिराबेल एग्रो मैन्युफैक्चरिंग में 48.98% और एरिस एग्रो इक्विपमेंट में 91.81% की वृद्धि दर्ज की गई।