एग्रीवेट: देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी जारी है, लेकिन उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में मौसम अब धीरे-धीरे करवट लेने लगा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, गुरुवार को देश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इसी दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत से वापसी भी आगे बढ़ेगी. दिल्ली-NCR और मध्य भारत के कई हिस्सों में मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने और तापमान बढ़ने की संभावना है. वहीं, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. दूसरी ओर, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत से मॉनसून की वापसी धीरे-धीरे आगे बढ़ेगी.
मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली-NCR और उत्तर-पश्चिम भारत में गुरुवार को मौसम ज्यादातर साफ और धूप वाला रहने की संभावना है. दिन का तापमान करीब 34 डिग्री और रात का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. इन इलाकों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी के लिए मौसम अनुकूल होता जा रहा है.
IMD के मुताबिक, पूर्व और मध्य भारत के कई हिस्सों में 1 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. पूर्वी मध्य प्रदेश में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है. कुछ इलाकों में 3 अक्टूबर तक बारिश जारी रह सकती है. इसी तरह दक्षिण भारत के केरल, माहे और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में कई जगह बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पूर्वोत्तर भारत के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 अक्टूबर को कई जगह बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है. ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है और कुछ जगहों पर यह 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पश्चिम भारत में कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, इन इलाकों के कुछ हिस्सों में 6 अक्टूबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. वहीं, गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में भी 1 अक्टूबर तक कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है.