एग्रीवेट: ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और विकास से जुड़े कामों को गति देने के लिए लागू किए गए VB-G RAM G के तहत देशभर में बड़ी संख्या में काम चल रहे हैं. ग्रामीण विकास मंत्रालय के अनुसार, अब तक करीब 2.31 लाख ग्राम पंचायतों में काम कराए जा रहे हैं, जबकि मजदूरों को औसतन 283.24 रुपये प्रति दिन प्रति व्यक्ति की मजदूरी मिल रही है. योजना के तहत अब तक 31.69 करोड़ से अधिक मानव-दिवस का रोजगार पैदा किया गया है.
पीआईबी के रिपोर्ट के अनुसार, VB-G RAM G के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक 10.88 करोड़ सक्रिय श्रमिक दर्ज किए गए हैं. वहीं, ग्रामीण रोजगार के लिए 15.17 करोड़ रोजगार गारंटी कार्ड जारी किए जा चुके हैं. मांग के आधार पर करीब 2.23 करोड़ ग्रामीण परिवारों से जुड़े 2.81 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार दिया गया है. इससे ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर काम मिलने का रास्ता मजबूत हुआ है.
योजना के तहत अब तक 2.83 लाख संपत्तियां तैयार की जा चुकी हैं. इसके अलावा करीब 97.17 लाख परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं. भविष्य में रोजगार की मांग को पूरा करने के लिए 73.24 लाख काम स्वीकृत हैं. देशभर में करीब 20.16 लाख कार्यस्थलों पर काम चल रहा है, जिससे ग्रामीण इलाकों में रोजगार के साथ विकास से जुड़े काम भी आगे बढ़ रहे हैं.
ग्रामीण रोजगार और विकास के लिए एक नई रूपरेखा
VB-G RAM G अधिनियम, 2025 को 1 जुलाई 2026 से लागू किया गया है. इसके तहत प्रत्येक वित्तीय वर्ष में ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के वेतन वाले रोजगार की कानूनी गारंटी दी गई है. यह उन ग्रामीण परिवारों के वयस्क सदस्यों के लिए है, जो अकुशल शारीरिक काम करने के लिए तैयार हैं. योजना का फोकस जल सुरक्षा, ग्रामीण बुनियादी ढांचे, आजीविका से जुड़े ढांचे और अत्यधिक मौसम से होने वाले नुकसान को कम करने वाले कामों पर है. सरकार के अनुसार, महात्मा गांधी NREGA से VB-G RAM G में बदलाव सुचारू रूप से किया गया और नई व्यवस्था के साथ डिजिटल सिस्टम भी शुरू से काम कर रहे हैं.