छत्तीसगढ़: खरीफ बोनी का 99% लक्ष्य पूरा, 48.44 लाख हेक्टेयर में हुई फसलों की बोनी – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: 24 सितंबर 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़: खरीफ बोनी का 99% लक्ष्य पूरा, 48.44 लाख हेक्टेयर में हुई फसलों की बोनी – छत्तीसगढ़ में खरीफ फसलों की बोनी का काम लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है। 22 सितंबर 2026 तक राज्य में 48.44 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 99 प्रतिशत है। इस खरीफ सीजन में राज्य सरकार ने कुल 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया है। राज्य में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल सहित विभिन्न फसलों की बोनी की गई है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में सुगमता प्रदान करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों की मांग के अनुसार प्रमाणित खाद-बीज का सुगमता से वितरण करने और सोसायटियों में पर्याप्त खाद-बीज का भंडारण सुनिश्चित करने को कहा है। खाद-बीज वितरण व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारी खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

कृषि विभाग के अनुसार, चालू खरीफ सीजन में प्रदेश में 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरुद्ध सहकारी और निजी क्षेत्रों में 17.64 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण किया जा चुका है। यह निर्धारित लक्ष्य से अधिक है। अब तक किसानों को 13.14 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरित किया गया है, जो लक्ष्य का 74 प्रतिशत है।

इसी तरह खरीफ सीजन 2026 के लिए बीज निगम ने प्रदेश में 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके विरुद्ध 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है और अब तक किसानों को 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया जा चुका है। यह मांग का 93 प्रतिशत है।

अधिकारियों के अनुसार, 22 सितंबर की सुबह तक छत्तीसगढ़ में 1008.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिमी है। 10 वर्षों के आधार पर की औसत वर्षा 1061.6 मिमी रही है, जिसके मुकाबले इस वर्ष अब तक 53.5 मिमी कम वर्षा दर्ज की गई है। वहीं पिछले वर्ष इसी अवधि में प्रदेश में 881.4 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी।

किसानों को खेती-किसानी में आर्थिक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण भी वितरित किया जा रहा है। 21 सितंबर 2026 तक किसानों को 8125.51 करोड़ रुपए का ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह राशि 6740.75 करोड़ रुपए थी। चालू खरीफ सीजन 2026 में राज्य सरकार ने किसानों को कुल 8800 करोड़ रुपए का अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित करने का लक्ष्य रखा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *