पराली जलाने पर हरियाणा में सख्ती, 134 मामलों में 7 लाख का जुर्माना.. 127 किसानों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: हरियाणा के धान उत्पादक इलाकों में पराली जलाने की घटनाएं जारी हैं. मंगलवार को राज्य में पराली जलाने के 7 नए मामले सामने आए. इसके साथ ही 15 सितंबर से अब तक खेतों में आग लगाने की कुल घटनाओं की संख्या बढ़कर 341 हो गई है. हरियाणा अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (HARSAC) के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल पराली जलाने के मामले पिछले वर्षों के मुकाबले काफी कम हैं.

द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल इसी तारीख तक राज्य में पराली जलाने की 623 घटनाएं दर्ज की गई थीं. वहीं, 24 नवंबर 2024 तक 1,315, साल 2023 में 2,278, 2022 में 3,581 और 2021 में 6,829 मामले सामने आए थे. आंकड़ों के अनुसार, कैथल जिले में सबसे ज्यादा 84 मामले दर्ज किए गए हैं. यह राज्य में पराली जलाने की कुल घटनाओं का करीब एक-चौथाई है. कैथल के अलावा जींद, फतेहाबाद, करनाल, रोहतक और कुरुक्षेत्र में भी पराली जलाने की घटनाएं सामने आई हैं. इन छह जिलों में कुल 237 मामले दर्ज किए गए हैं, जो राज्य के कुल मामलों का करीब 70 फीसदी है.

जिलेवार आंकड़ों के मुताबिक, अंबाला में पराली जलाने  के 22, भिवानी में 3, फरीदाबाद में 3, फतेहाबाद में 34, हांसी में 20 और हिसार में 10 मामले दर्ज किए गए हैं. इसके अलावा झज्जर में 4, जींद में 51, करनाल में 25, कुरुक्षेत्र में 21, पलवल में 17, पंचकूला में 1, पानीपत में 4, रोहतक में 22, सिरसा में 9, सोनीपत में 16 और यमुनानगर में 5 मामले सामने आए हैं.

हरियाणा में धान की कुल 14.79 लाख हेक्टेयर खेती में से 14.42 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में कटाई पूरी हो चुकी है. यह कुल धान क्षेत्र का करीब 97.5 फीसदी है. कृषि विभाग ने 141 जगहों पर जाकर पराली जलाने की घटनाओं की जांच की. इसके अलावा, नोडल अधिकारियों ने 80 खेतों में पराली जलाने के निशान मिलने की जानकारी दी. इस तरह कुल 221 खेतों में पराली जलाने की पुष्टि हुई है.

आंकड़ों के मुताबिक, विभाग ने पराली जलाने के 134 मामलों में कुल 7.95 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. इसमें से 4.35 लाख रुपये वसूल किए जा चुके हैं. वहीं, 127 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 49 मामलों में जमीन के रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है. लापरवाही के आरोप में दो अधिकारियों को निलंबित किया गया है. इसके अलावा, जिन क्षेत्रों में पराली जलाई गई, वहां के 235 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं.

कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक प्रदीप मील ने बताया कि इस साल पराली जलाने के मामलों में पिछले साल के मुकाबले बड़ी कमी आई है. इसकी मुख्य वजह किसानों में पराली प्रबंधन को लेकर बढ़ती जागरूकता और खेतों पर संयुक्त टीमों की सख्त निगरानी है. उन्होंने बताया कि दो एकड़ से कम जमीन पर पराली जलाने पर 5,000 रुपये, दो से पांच एकड़ जमीन पर 10,000 रुपये और पांच एकड़ से अधिक जमीन पर पराली जलाने पर 30,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाता है. मील ने कहा कि पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग की टीमें खेतों पर लगातार नजर रख रही हैं.

Share This Article