महंगी विदेशी गाय का चक्कर छोड़िए! डेयरी कारोबार करना है शुरू तो इन देसी नस्लों पर लगाएं दांव – एग्रीवेट

Team Agrivate
4 Min Read

एग्रीवेट: कम लागत में डेयरी फार्मिंग शुरू करने के लिए देसी नस्ल की गायों का चुनाव फायदेमंद हो सकता है. ये गायें स्थानीय मौसम में आसानी से ढल जाती हैं और इनके रखरखाव पर ज्यादा खर्च नहीं करना पड़ता.

कम संसाधन वाले किसान साहीवाल, गिर, थारपारकर और दूसरी देसी नस्लों की गाय पाल सकते हैं. इनकी खासियत है कि, इन्हें विदेशी नस्लों की तरह खास तापमान या कूलर-पंखे वाले माहौल की जरूरत नहीं होती.

देसी गायों के चारे पर भी बहुत ज्यादा खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती. किसान हरी घास, खेतों से मिलने वाला चारा और पुआल की कुट्टी दे सकते हैं. साथ में संतुलित आहार, मिनरल मिक्सचर और साफ पानी देना जरूरी है.

अच्छी मात्रा में दूध पाने के लिए गाय को उसकी जरूरत के हिसाब से दाना और पोषण देना चाहिए. सिर्फ घास और पुआल के भरोसे दूध उत्पादन अच्छा बनाए रखना मुश्किल हो सकता है.

गाय खरीदने से पहले उसकी उम्र, सेहत, दूध देने की क्षमता और पहले कितनी बार ब्याई है, इसकी जानकारी जरूर लें. खरीदने से पहले खुद दूध निकलवाकर मात्रा जांचें और पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य की जांच भी करवाएं.

डेयरी फार्मिंग में सफलता के लिए महंगी गाय खरीदना ही जरूरी नहीं है. सही नस्ल का चुनाव, कमाई के हिसाब से खर्च का प्रबंधन, अच्छा खानपान और नियमित देखभाल से किसान धीरे-धीरे अपना डेयरी कारोबार बढ़ा सकते हैं.

Share This Article