यूरिया उत्पादन बढ़ाने के लिए 54 हजार करोड़ की 6 परियोजनाओं को मंजूरी, खाद स्टॉक भी बढ़ेगा—देखें क्या है पूरा सच – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: केंद्र सरकार ने यूरिया के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए करीब 54,000 करोड़ रुपये की लागत वाली छह गैस आधारित यूरिया परियोजनाओं को मंजूरी दी है. इसमें से करीब 9 हजार करोड़ रुपये पुराने यूरिया प्लांट के स्थान पर नए प्लांट लगाने और मौजूदा प्लांट की क्षमता बढ़ाने पर खर्च होंगे. सरकार का यह कदम वर्तमान में खपत की तुलना में लगभग आधा होने वाले घरेलू उत्पादन बढ़ाने में मददगार साबित होगा. जबकि, किसानों को सब्सिडी वाली दरों पर पर भरपूर खाद उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी.

देश में यूरिया की सालाना खपत करीब 400 लाख टन है. वहीं, देश में यूरिया का वास्तविक उत्पादन वित्त वर्ष 2014-15 के 225 लाख टन से बढ़कर 2023-24 में रिकॉर्ड 314.07 लाख टन तक पहुंच गया है. वहीं, देश की कुल पुनर्मूल्यांकित घरेलू यूरिया उत्पादन क्षमता वित्त वर्ष 2014-15 के 207.54 लाख टन सालाना से बढ़कर 2026-27 में 269.42 लाख टन सालाना हो गई. इसे और आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने 6 गैस आधारित यूरिया परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है.

उर्वरक मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को पीटीआई को बताया कि जुलाई में अधिसूचित ‘नई यूरिया निवेश नीति-2026’ के तहत मिले 18 प्रस्तावों में से सार्वजनिक, निजी और सहकारी क्षेत्रों की 6 पुराने यूरिया प्लांट के विस्तार और आधुनिकीकरण से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है. इसके लिए सरकार ने घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए करीब 54,000 करोड़ रुपये की लागत वाली छह गैस आधारित यूरिया परियोजनाओं को मंजूरी दी है.

उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, उनमें चेन्नई स्थित मद्रास फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एमएफएल) शामिल है. इसके अलावा पंजाब के नंगल में नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) और उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में कृभको को भी शामिल किया गया है. जबकि, पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में मैटिक्स फर्टिलाइजर्स और राजस्थान के कोटा में चंबल फर्टिलाइजर्स और उत्तर प्रदेश के जगदीशपुर में आईआईपीएल की परियोजनाएं भी शामिल हैं.

अधिकारी ने कहा कि इन 6 परियोजनाओं में से प्रत्येक पर करीब 9,000 करोड़ रुपये का पूंजीगत निवेश होने का अनुमान है. इस तरह इनसे करीब 54,000 करोड़ रुपये का नया निवेश आकर्षित होने की उम्मीद है. पुराने यूरिया प्लांट के स्थान पर नए प्लांट लगाने और मौजूदा प्लांट की क्षमता बढ़ाने से उत्पादन लागत और ऊर्जा खपत में कमी आएगी. पुरानी यूनिट में उत्पादन लागत अधिक होने के साथ ऊर्जा की खपत और सुरक्षा संबंधी जोखिम भी ज्यादा हैं. मसलन, पंजाब के नंगल संयंत्र में प्रति टन यूरिया उत्पादन पर ऊर्जा खपत 6.498 गीगाकैलोरी है, जबकि उद्योग का औसत 5.95 गीगाकैलोरी और नए संयंत्रों के लिए निर्धारित मानक पांच गीगाकैलोरी है.

अधिकारी ने कहा कि नई उत्पादन क्षमता जुड़ने और मौजूदा संयंत्रों के विस्तार से यूरिया के आयात पर निर्भरता में उल्लेखनीय कमी आएगी और विदेशी मुद्रा की बचत होगी. अधिकारी ने कहा कि मौजूदा जमीन, बुनियादी ढांचे और अन्य सुविधाओं के इस्तेमाल से इन परियोजनाओं में सालाना करीब 225 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है. 8 साल में यह बचत करीब 1,800 करोड़ रुपये होगी.

Share This Article